Top Gainers & losers: शेयर बाजार में शुक्रवार को पूरे दिन उतार-चढ़ाव का दौर चलता रहा। कभी खरीदार हावी दिखे तो कभी बिकवाली ने बाजी पलट दी। बाजार ने जोरदार वापसी की कोशिश भी की, लेकिन ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली शुरू होते ही तेजी की रफ्तार थम गई। आखिरकार निफ्टी 50 करीब 0.40 फीसदी की बढ़त के साथ 23,703 पर बंद हुआ। सेंसेक्स भी हरे निशान में बंद हुआ। इंडेक्स 0.36 फीसदी चढ़कर 75,425 के स्तर पर पहुंच गया है। मिडकैप शेयरों में हल्की खरीदारी दिखी, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स फिसल गया। दिन के कारोबार में निफ्टी ने करीब 0.80 फीसदी तक छलांग लगाई थी, लेकिन ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफा काटना शुरू कर दिया। इसका असर आखिरी घंटों में साफ दिखाई दिया।
