बैंक में पैसा जमा करने वालों के लिए एक बात समझना बेहद जरूरी है। FD को सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन बैंक में जमा पूरा पैसा हर स्थिति में सुरक्षित रहे, इसकी गारंटी नहीं होती। अगर किसी बैंक पर संकट आता है या बैंक फेल हो जाता है, तो डिपॉजिट इंश्योरेंस के तहत एक सीमा तक ही रकम सुरक्षित होती है। डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉर्पोरेशन यानी DICGC के नियमों के मुताबिक, किसी एक बैंक में एक जमाकर्ता के अधिकतम 5 लाख रुपये तक के जमा पर बीमा कवर मिलता है। इसमें मूल रकम के साथ उस पर मिलने वाला ब्याज भी शामिल होता है। यानी अगर आपने किसी एक बैंक में 10 लाख रुपये की एफडी कर रखी है, तो यह मान लेना सही नहीं होगा कि पूरी 10 लाख रुपये की रकम डिपॉजिट इंश्योरेंस के तहत सुरक्षित है।
