बूंदी में संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में कर्मचारी बिना सूचना के गैरमौजूद मिले, जबकि रिकॉर्ड भी अस्त-व्यस्त पाया गया। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने, लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने और सरकारी संपत्तियों के सदुपयोग के निर्देश दिए। इसके साथ ही लबान में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
सीएडी कार्यालय में तीन कर्मचारी गैरमौजूद मिले संभागीय आयुक्त ने बांई मुख्य नहर सीएडी बूंदी के अधिशासी अभियंता कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यहां पांच में से तीन कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में कई राजकीय आवास खाली और अनावंटित भी मिले। आयुक्त ने इन सरकारी संपत्तियों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए तुरंत तकमीना तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। रिकॉर्ड मिला बेतरतीब, दिए सुधार के निर्देश इसके बाद जिला विस्तार अधिकारी सीएडी कार्यालय के निरीक्षण में रिकॉर्ड बिखरा और अव्यवस्थित मिला। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को रिकॉर्ड का सूचीकरण करने, अनावश्यक फाइलों को हटाने और कार्यालयों में स्वच्छता व पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में कार्यप्रणाली व्यवस्थित और जवाबदेह होनी चाहिए। लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के आदेश उपखंड अधिकारी कार्यालय लाखेरी के निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने आमजन की समस्याएं सुनीं। कोर्ट निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित फाइलों और भूमि अवाप्ति मुआवजा प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही लाखेरी-लबान पुलिया बायपास रोड की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए अतिरिक्त मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी को सड़क के डामरीकरण तथा रिडकोर अधिकारियों को आरओबी की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पहुंचीं 19 शिकायतें लबान में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी 19 शिकायतें प्राप्त हुईं। संभागीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई के बाद उन्होंने एमएसपी खरीद केंद्र लबान का निरीक्षण कर किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त बारदान उपलब्ध कराने को कहा। रेस्ट हाउस और व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा संभागीय आयुक्त ने सीएडी कॉलोनी लबान स्थित रेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी परिसरों के रखरखाव और सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।