कोटपूतली में भीषण गर्मी के बीच सीताराम बड़ा मंदिर में साधु रामानंद दास महाराज लोक कल्याण और विश्व शांति के लिए धूनी तपस्या कर रहे हैं। पिछले दो महीनों से जारी ये कठोर साधना 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तापमान में की जा रही है। साधु रामानंद दास रोजाना दोपहर के समय लगातार तीन घंटे तक ये तपस्या करते हैं। इस दौरान उनके चारों ओर उपलों से अग्नि प्रज्वलित की जाती है और वे धधकती आग के बीच बैठकर ईश्वर की आराधना करते हैं। बड़ा मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि ये धूनी तपस्या हर साल की तरह इस साल भी बसंत पंचमी से शुरू हुई थी। इसका समापन 25 मई को गंगा दशमी के अवसर पर होगा। इस परंपरा को देखने और महाराज का आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।
