जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पार्किंग में शुक्रवार को कैब ड्राइवरों के 2 गुट आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। घटना के दौरान एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमला करते दिख रहे हैं। जयपुर एयरपोर्ट पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों गुट आमने-सामने आ गए और पार्किंग क्षेत्र में खुलेआम मारपीट शुरू हो गई। आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लगातार लात-घूंसे बरसा रहे थे। इस दौरान वहां मौजूद यात्रियों और आम लोगों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती चली गई। हंगामे की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट सिक्योरिटी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सुरक्षा कर्मियों ने दोनों गुटों को अलग किया और कड़ी मशक्कत के बाद मामले को शांत कराया। एयरपोर्ट पार्किंग क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। इस घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। एयरपोर्ट सुरक्षा पर सवाल, यात्रियों में दहशत एयरपोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील इलाके में इस तरह खुलेआम मारपीट होने से पैसेंजर्स की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल मामले को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं। वहीं यह भी माना जा रहा है कि पार्किंग संचालन और कैब व्यवस्थाओं को लेकर लंबे समय से चल रही अव्यवस्थाएं ऐसे विवादों की बड़ी वजह बन रही हैं। एयरपोर्ट प्रशासन का दावा, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त जयपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया- घटना एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम के हस्तक्षेप के बाद सुलझा ली गई। एयरपोर्ट ने पहले भी उबर सहित कैब एग्रीगेटर्स से संपर्क किया है। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चालक सभ्य तरीके से व्यवहार करें। जयपुर एयरपोर्ट सभी हितधारकों के लिए एक सुरक्षित लैंडसाइड सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के साथ निरंतर संपर्क में रहा है।