बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर वारदात करने वाला कुख्यात बदमाश विनोद पथैना शुक्रवार को पुलिस का सहारा लेकर भरतपुर जिला कोर्ट पहुंचा। लंगड़ाते हुए चल रहे विनोद को पुलिस ने सहारा दिया और जज के सामने पेश किया। इस दौरान उसकी गैंग के 6 सदस्यों को भी पेश किया गया, जिन्हें 3 दिन की रिमांड पर भेजा गया है। सभी को गुरुवार की रात को मथुरा गेट थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र की एक होटल पर दबिश देकर गिरफ्तार किया था। इनमें विनोद पथैना के अलावा केशव, अशोक, घनश्याम, जितेंद्र, गंगासहाय और हाकिम शामिल है। गैंग के लोग राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में वारदात कर चुके हैं। गैंग में एक होटल संचालक भी शामिल है, जिसकी होटल में बैठकर आरोपी जमीन पर कब्जा करने की प्लानिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने बदमाशों को पकड़ लिया। हालांकि होटल संचालक नहीं मिला, जिसकी तलाश जारी है। जांच में सामने आया कि विनोद गांव पथैना का रहने वाला है, जिसके पिता रिटायर्ड पुलिस अफसर थे। हालांकि गलत शौक के कारण विनोद बदमाशी करने लगा, जिससे परिवार ने उसे बेदखल कर दिया। होटल मालिक भी गैंग का सदस्य
मथुरा गेट थाना अधिकारी हरलाल मीणा ने बताया- DST टीम की सूचना से मथुरा गेट थाना पुलिस ने हार्डकोर बदमाश विनोद पथैना और उसके गैंग के बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सारस चौराहे पर उन्नति होटल है, उस होटल में विनोद और उसके साथी रुके हुए थे। होटल मालिक जगदीश भी इनकी गैंग का सदस्य है। विनोद पथैना से 1 पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 1 तलवार, पिस्टल के कारतूस रखने का होलिस्टर, 1 बुलेट प्रूफ जैकेट बरामद की है। खुद के बचाव के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी। जबकि केशव से 1 देसी कट्टा बरामद किया है, वहीं घनश्याम, जितेंद्र, गंगासहाय और हाकिम को भी पकड़ा है। मौके पर बेशकीमती जमीनों के कागज भी मिले हैं। बदमाश जमीनों पर कब्जा करने की फिराक में थे और बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। कोर्ट ने 3 दिन की रिमांड पर भेजा
थाना अधिकारी का कहना है- शुक्रवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 3 दिन की रिमांड पर भेजा है। हालांकि फरार होटल मालिक की तलाश की जा रही है। रिमांड में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वह हथियारों के साथ किस वारदात या जमीन को लेकर साजिश रच रहे थे। जिम के बाहर व्यापारी पर चलाई थी गोली
पुलिस ने बताया- विनोद पथैना पर पहले भी व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले दर्ज हैं। इनमें राजस्थान और उत्तर प्रदेश के सर्राफा व्यापारी भी शामिल है। इसके अलावा 3 साल पहले विनोद के गैंग के सदस्यों ने जिम के बाहर कारोबारी के पैर में गोली भी मारी थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। दोबारा मेडिकल के लिए लगाई एप्लिकेशन
इस बीच विनोद पथैना के वकील विवेक हथैनी ने कोर्ट में एक याचिका लगाई है। उनका दावा है कि पुलिस कस्टडी में विनोद के साथ मारपीट की गई, जिससे वह लंगड़ाकर चल रहा है। ऐसे में वीडियोग्राफी करवाते हुए फिर से मेडिकल करवाने की मांग की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दबिश के दौरान आरोपी विनोद भाग रहा था, इस दौरान उसका पैर मुड़ने वह चोटिल हो गया था।