चूरू जिले के बीदासर कस्बे के वार्ड नंबर 4 में जलदाय विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां सहायक अभियंता कार्यालय से मात्र सौ मीटर की दूरी पर पिछले एक महीने से पानी की पाइपलाइन लीक हो रही है, जिससे लगातार हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है।
एक ओर जहां क्षेत्र के कई घरों में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण बहुमूल्य पानी बर्बाद हो रहा है। वार्ड 4 निवासी सहीराम सारण ने बताया कि पाइपलाइन लीकेज की शिकायत कई बार जलदाय विभाग के कर्मचारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। गुरुवार को मामले की शिकायत 181 हेल्पलाइन पर भी दर्ज करवाई गई थी।
शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी विभाग द्वारा लीकेज ठीक नहीं कराया गया है। स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते लीकेज पाइपलाइन को ठीक नहीं किया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।