सवाई माधोपुर जिले के भूरी पहाड़ी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जिसमें 10 वर्षीय बालक पीयूष की बनास नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। परिवार के साथ बनास नदी में नहाने गया था बालक जानकारी के अनुसार ग्राम भूरी पहाड़ी निवासी मक्खन अपने 10 वर्षीय पुत्र पीयुष, भाई और भतीजे के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे बनास नदी में नहाने गया था। सभी लोग नदी में साथ-साथ नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक पियुष का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। परिवार के लोगों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किए और करीब आधे घंटे तक नदी में तलाश करते रहे, लेकिन जब तक बालक को बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजन पीयुष को लेकर जिला अस्पताल सवाई माधोपुर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर फैल गई। पीयूष की बड़ी बहन है। वह अपने माता पिता के इकलौता बेटा था।
