भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झुंझुनूं शहर मंडल के कार्यकर्ताओं ने आज शहर के ऐतिहासिक गांधी चौक में एक अनोखा और प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित किया। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी को दी गई “मेलोडी” चॉकलेट टॉफी को लेकर उपजे राजनीतिक विवाद पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। शहर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने आम जनता और एक-दूसरे को मेलोडी चॉकलेट बांटी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह आयोजन शालीन राजनीति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय सम्मान के समर्थन में एक संदेश है। शहर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा ने कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी विदेशी नेताओं से मिलते हैं, तो वह भारत की समृद्ध संस्कृति, मित्रता और राष्ट्रीय गौरव को पूरी दुनिया के सामने मजबूती से रखते हैं। लेकिन यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ विपक्षी नेता इतने बड़े मंचों और गंभीर विषयों को बेहद हल्के और तुच्छ ढंग से पेश कर रहे हैं। ऐसा करके वे देश की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा “मेलोडी टॉफी” को लेकर की गई हालिया टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को पूरी तरह निराधार और देश का अपमान करने वाला बताया और कहा कि भाजपा इस तरह की भड़काऊ व स्तरहीन राजनीति का हमेशा विरोध करेगी। गांधी चौक पर जुटे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक सुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की तारीफ की। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे देश के सम्मान, मजबूत विदेश नीति और वैश्विक स्तर पर भारतीय उत्पादों व संस्कृति को मिल रहे सम्मान के समर्थन में हमेशा खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद भाजपा जिला महामंत्री दिलीप सैनी, जिला प्रवक्ता संजय मोरवाल, आईटी जिला संयोजक सौरभ सोनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश सहल, शहर महामंत्री ताराचंद सैनी, विजेंद्र हटवाल, मंडल उपाध्यक्ष रामनिवास सैनी, विकास पुरोहित, विनोद जांगिड़, विनोद चौहान, पंकज टेलर (पूर्व महामंत्री), ज्योति प्रकाश शर्मा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सावित्री सैनी, मंजू चौहान, ममता शर्मा, पार्षद विजय कुमार सैनी, रवि शुक्ला, गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष प्रवीण स्वामी, राम सैनी, महेंद्र सोनी, गणेश सोनी, अनिल जोशी, अनिल सैनी, बिहारीलाल सैनी, महेंद्र सैनी, सुनील सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
