दौसा में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने लोगों की शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान रास्तों से अतिक्रमण हटाने, भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण, सीमा ज्ञान करवाने, बिजली कनेक्शन दिलवाने, पेयजल समस्याओं के समाधान, पेंशन शुरू करवाने, खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने, सिलिकोसिस कार्ड बनवाने तथा दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करवाने सहित अन्य समस्याओं से जुड़े कई मामले सामने आए। कलेक्टर ने इन मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और निर्देश दिए कि जो प्रकरण नियमानुसार तत्काल निस्तारित किए जा सकते हैं, उनका शीघ्र समाधान कर परिवादियों को राहत दी जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को विशेष निर्देश दिए कि जो परिवादी बार-बार जनसुनवाई में पहुंच रहे हैं, ऐसे मामलों में स्वयं मौके की स्थिति का अवलोकन कर तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बीडीओ को सख्त निर्देश बांदीकुई पंचायत समिति क्षेत्र में प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को वेतन नहीं मिलने के मामले को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े पंचायत समिति विकास अधिकारी से तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि यदि कोई प्लेसमेंट एजेंसी अपनी शर्तों का पालन नहीं करती है तो ऐसे प्रकरण श्रम विभाग को भी भेजे जाएं, ताकि नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सके। साथ ही संबंधित कार्मिकों को वेतन दिलाने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा योजना पोर्टल फिर चालू हुआ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने के मामलों पर कलेक्टर ने जिला रसद अधिकारी एवं संबंधित उपखंड अधिकारियों से चर्चा की। डीएसओ ने बताया कि खाद्य सुरक्षा पोर्टल पूर्व में बंद था, जिसे अब पुनः चालू कर दिया गया है और पात्र आवेदक अब आवेदन कर सकते हैं। अतिक्रमण के मामलों में निर्देश कलेक्टर ने अतिक्रमण हटाने से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पुलिस जाप्ते की आवश्यकता हो, ऐसे स्थानों को चिन्हित कर जिला स्तर पर भिजवाया जाए, ताकि एसपी के माध्यम से आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराया जा सके। जनसुनवाई में एडीएम दौसा अरविंद शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, यूआईटी सचिव मूलचंद लूनिया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। जबकि एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ एवं अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े थे।