अलवर शहर में हॉस्पिटल में भर्ती मरीज की बेटी को महिला डॉक्टर ने थप्पड़ मार दिया। जिससे वह बेहोश होकर नीचे गिर गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें महिला डाइटिशियन डॉ. सुरभि चौधरी मरीज की बेटी पर हाथ चलाती दिखाई दे रही हैं। मरीज लक्ष्मण का ऑपरेशन हुआ है। लक्ष्मण की बेटी सुनीता ने डॉक्टर से डाइट के बारे में पूछा। इस पर गुस्साई महिला डाइटिशियन ने सुनीता को थप्पड़ मार दिया। मामला अलवर शहर के सानिया हॉस्पिटल में गुरुवार सुबह 10 बजे का है। घटना के बाद महिला के परिजनों ने डॉक्टर को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। पुलिस ने थाने में शिकायत के लिए कहकर लोगों को वहां से हटाया। अस्पताल में दोपहर के करीब 12:30 बजे तक हंगामा चलता रहा। NEB थाने के SHO दिनेश ने कहा- मरीज के परिजनों ने शिकायत दी थी। फिलहाल मामला शांत करा दिया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि थाने में महिला डॉक्टर ने माफी मांगी। इसके बाद समझौता हो गया। पहले देखें अस्पताल में हंगामे के PHOTOS डाइट पूछने पर गुस्साई, फिर मारा थप्पड़ जानकारी के अनुसार- मरीज लक्ष्मण का बुधवार शाम को पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। वह अस्पताल में भर्ती है। लक्ष्मण की बेटी सुनीता ने बताया- महिला डॉक्टर डाइटिशियन सुबह मरीजों को खान-पान संबंधी जानकारी दे रही थीं। इसी दौरान मैंने पूछा कि मरीज को जूस के साथ फल भी दिए जा सकते हैं या नहीं। इस पर डॉक्टर ने नाराजगी भरे लहजे में जवाब दिया- मुझे नहीं पता। कुछ देर बाद मरीज को दवा लगाने को लेकर बातचीत हुई तो माहौल गरमा गया। सुनीता ने कहा- जब मैंने डॉक्टर से गुस्सा करने का कारण पूछा तो डॉक्टर ने मुझे जोरदार थप्पड़ मार दिया। इससे मैं मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई। विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी हॉस्पिटल पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। एनईबी थाने के एसएचओ दिनेश पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों से समझाइश के बाद मामला शांत कराया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से महिला डाइटिशियन डॉक्टर सुरभि चौधरी के खिलाफ शिकायत ले ली है। अस्पताल संचालक अस्पताल- मरीज के पक्ष ने की थी गाली-गलौज सानिया हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर तैयब ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा- अस्पताल स्टाफ ने किसी के साथ मारपीट नहीं की। मरीज के परिजनों ने स्टाफ के साथ गाली-गलौज की। उन्होंने कहा- हॉस्पिटल में डॉक्टर इलाज करने आते हैं, किसी की बेइज्जती करने नहीं। पूरे विवाद के दौरान महिला डॉक्टर की ओर से माफी भी मांग ली गई थी।