Petrol Diesel Rates India: पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर अन्य देशों की तरह अब भारत पर भी दिखने लगा है। दरअसल, तेल कंपनियों ने एक बार फिर से पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। तेल कंपनियों ने दूसरी बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा किया है। इस बार पेट्रोल 86 पैसे और डीजल 83 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में की गई यह वृद्धि आम जनता के लिए दोहरा झटका है, क्योंकि गत शुक्रवार यानी 15 मई को ही तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपए की बढ़ोतरी की थी। एक सप्ताह के भीतर तेल कंपनियों द्वारा ईंधन की कीमतों में दूसरी बार वृद्धि की गई है। कीमतों में की गई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में डीजल 91.58 रुपए प्रति लीटर और पेट्रोल 98.64 रुपए प्रति लीटर में उपलब्ध है।
