अबोहर के सीडफार्म इलाके में एक बाग से एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। युवक की पहचान नई आबादी निवासी गुरजीत सिंह (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार (19 मई) को कुछ लोगों ने सीडफार्म के एक बाग में नहर के पास एक व्यक्ति को बेसुध पड़ा देखा। उसकी मोटरसाइकिल भी पास ही खड़ी थी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सीडफार्म चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पाया कि युवक की मौत हो चुकी थी। तलाशी के दौरान युवक के पास से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान गुरजीत सिंह पुत्र निवासी नई आबादी छोटी पौड़ी गली नंबर 10, अबोहर के रूप में हुई। मौके पर नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य भी पहुंचे पुलिस की सूचना पर नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर भी मौके पर पहुंचे। समिति की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। एएसआई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर व्यक्ति मृत पाया गया। उन्होंने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मृतक के परिजनों का पता लगाने के लिए थाना नंबर दो की पुलिस से संपर्क कर रही है। थाना प्रभारी बोले- युवक के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी इधर थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें युवक के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अत्यधिक गर्मी और बढ़े हुए तापमान के कारण युवक की मौत हीट स्ट्रोक या हार्ट फेल होने से भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक के परिजन मौके पर नहीं पहुंचे हैं, जिस कारण युवक की मेडिकल हिस्ट्री भी उपलब्ध नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
