कोचिंग क्लासेज में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की के साथ छेडछाड़ और कोचिंग संचालक के साथ मारपीट के मामले मे 2 और आरोपी गिरफ्तार किए हैं। साथ ही इनके कब्जे से घटना में काम ली गई 3 बाइक भी जब्त की है। मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस ने SP राजेश कुमार मीना के निर्देश पर टोंक डीएसपी राजेश विद्यार्थी के सुपरविजन में की है। बता दें कि जिला मुख्यालय पर कोचिंग संस्थान से निकली 13 साल की नाबालिग को दूसरे समुदाय के 5 युवकों ने रास्ते में रोक लिया। इन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और धमकी दी कि धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करेंगे। उनकी बात नहीं मानी तो चेहरे पर तेजाब फेंक देंगे और किडनैप कर लेंगे। लड़की जैसे-तैसे भाग कर अपने कोचिंग सेंटर पहुंची तो लड़के भी वहां पहुंच गए। कोचिंग संचालक ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उसको भी पीटा। इन युवकों ने कोचिंग कैंपस में तोड़फोड़ की और जमकर हंगामा किया, जो सामने आता उसे पीटते रहे। नाबालिग ने घटना के दिन ही रात को 5 नामजद समेत कुल 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसके बाद पुलिस ने कई जगह दबिश देकर अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
