श्रीगंगानगर। पश्चिमी विक्षोभ ने भारत के कई प्रदेशों में अब असर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और कोटा समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद तेज हवा, काली घटाओं और गड़गड़ाहट के बीच कई जगहों पर मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई। कहीं छोटे तो कहीं चने के आकार के ओले गिरे, जिससे खेतों में खड़ी फसलें चौपट हो गईं और किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरा गईं।
