ट्रैक्टर से खेत जोतते दो भाई घायल हो गए। पैर एक्सीलेटर पर दबा रहने से स्पीड में ट्रैक्टर पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए। दोनों को गंभीर हालत में रामगढ़ हॉस्पिटल ले जाया गया, प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने अलवर रेफर कर दिया। हादसा आज सुबह अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र का है। 5 से 7 मिनट तक ट्रैक्टर के नीचे ही दबे रहे दोनों हादसे में सम्मनपुर गांव में रहने वाले दो भाई प्रवीण राजपूत (18) और अमित राजपूत 20) घायल हुए है। परिजनों के अनुसार- दोनों खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम कर रहे थे। दोनों ट्रैक्टर के अंदर ही बैठे हुए थे। अचानक एक्सीलेटर पर पैर दबा रह गया, जिससे ट्रैक्टर एक दम से पलट गया। दोनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए। करीब 5 से 7 मिनट तक ट्रैक्टर के नीचे ही दबे रहे। चिल्लाने पर आस-पास के लोग आए। कई लोगों ने मिलकर दोनों को बाहर निकाला। अंदरूनी चोट होने के कारण दोनों को गंभीर हालत अलवर रेफर किया गया है।
