खैरथल-तिजारा के भिवाड़ी में डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसे बदमाश ने मां-बेटे को बंधक बनाकर ज्वेलरी-नकदी लूट ली। लुटेरे ने 2 साल के मासूम की गर्दन पर चाकू रखकर मां को गमछे से बांध दिया। इस दौरान दूसरा डिलीवरी बॉय महिला के घर पहुंचा। बदमाश ने डिलीवरी बॉय को घर के बाहर ही रोककर 145 रुपए दिए और पार्सल लेकर वापस भेज दिया। भिवाड़ी एसपी बृजेश उपाध्याय ने बताया- मामला फूलबाग थाना क्षेत्र स्थित आशियाना तरंग सोसायटी के फ्लैट नंबर 403 का है। सुबह 10 बजे सूचना पर टीम घर पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दोस्त के साथ ऑफिस के लिए निकले थे इंजीनियर शुभम सक्सेना ने बताया- वह गेल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में जूनियर इंजीनियर है। गाड़ी पंचर होने के कारण वह सुबह 9:04 बजे अपने दोस्त अजय शर्मा के साथ ड्यूटी पर निकला था। सोमवार को घर पर एक पार्सल आने वाला था। सुबह 9:15 बजे एक युवक घर पर पहुंचा। इस दौरान घर में पत्नी अपूर्वा और उसका दो साल का बेटा था। अपूर्वा के पूछने पर युवक ने बताया कि वह पार्सल वाला है। इस पर उसने गेट खोल दिया। गेट खोलते ही युवक धक्का देकर अंदर घुसा और 2 साल के बेटे की गर्दन पर चाकू रख दिया। 2 साल के बेटे की गर्दन पर रखा चाकू बेटे की गर्दन पर चाकू देखकर मां काफी डर गई। इस दौरान बदमाश ने कहा कि घर में जितने भी गहने और कैश है, सब ले आओ, वरना बच्चे को मार दूंगा। इसके बाद लुटेरा महिला को कमरे के अंदर ले गया और अपने साथ लाए एक कपड़े से उसके हाथ बांध दिए। महिला को बंधक बनाकर सभी कमरों की तलाशी ली बदमाश महिला को बारी-बारी से घर के सभी कमरों में लेकर गया और अलमारियां खुलवाई। इसके बाद लॉकर में रखे करीब 70 हजार रुपए, सोने के कंगन और महिला का मोबाइल ले लिया। आरोपी ने करीब 2.5 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया। पार्सल लेकर युवक पहुंचा, बदमाश ने रिसीव किया बदमाश ने महिला को धमकाकर उसके फोन का पासवर्ड भी खुलवा लिया। 9:30 बजे पार्सल लेकर आने वाला युवक भी आ गया। जब उसने घर की घंटी बजाई तो बदमाश ने ही दरवाजा खोला और पार्सल रिसीव कर 145 रुपए कैश दे दिए। 20 मिनट तक घर में बदमाश ने की लूट बदमाश ने करीब 20 मिनट तक पूरे घर की तलाशी ली। इसके बाद महिला के हाथ बांधकर बाहर से गेट लगा दिया। इस दौरान बदमाश ने इंजीनियर शुभम की गाड़ी की चाबी भी ले ली थी। मगर गाड़ी पंचर होने की वजह से वह उसे नहीं ले जा सका। इधर, बदमाश के जाने के बाद जैसे-तैसे महिला ने अपने हाथ खोले और बालकनी में जाकर लोगों को आवाज दी। पड़ोसियों ने आकर बाहर से गेट खोला और पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस एसपी बृजेश उपाध्याय ने बताया-घटना को लेकर पुलिस की टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। … यह खबर भी पढ़ें बाइक सवार बदमाश से भिड़ी 70 साल की महिला:घर के बाहर गले पर झपट्टा मारा तो हाथ पकड़कर धक्का दिया; आधी चेन तोड़कर भागा अजमेर में रिटायर्ड आर्मी अफसर की बुजुर्ग पत्नी बदमाश से भिड़ गईं। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे वह घर के बाहर खड़ी थीं। इसी बीच बाइक पर एक बदमाश आया और गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। इस दौरान महिला ने करीब 3 मिनट तक बदमाश का मुकाबला किया। इसमें आधी चेन महिला के हाथ में रह गई। पूरी खबर पढ़ें…