बारां शहर स्थित पुलिस लाइन परिसर में रविवार को जिलेभर के पुलिस अधिकारियों और जवानों की संपर्क सभा आयोजित की गई। इस सभा में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभागीय कार्यों की समीक्षा, नवाचारों, पुलिसकर्मियों की समस्याओं और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत और बचाव से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि संपर्क सभा में पूर्व में हुई बैठकों के निर्देशों और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की गई। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग में कार्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस लाइन परिसर स्थित जिम का नवीनीकरण भी कराया गया है, ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर फिटनेस सुविधाएं मिल सकें। सभा के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने विभाग से जुड़ी कई आवश्यक समस्याओं, सुविधाओं और कार्य व्यवस्था से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान और आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने का आश्वासन दिया। पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी जरूरतों और सुझावों को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम में एक नवाचार के तहत पुलिसकर्मियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में बताया गया कि सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक या अन्य आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देते हुए सीपीआर देकर उसकी जान कैसे बचाई जा सकती है। पुलिस जवानों को मौके पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के तरीकों की भी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए सर्पदंश और वन्यजीवों से जुड़े हादसों के संबंध में भी विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने पुलिसकर्मियों को सांप निकलने या सर्पदंश की स्थिति में बरती जाने वाली सतर्कता, बचाव कार्य (रेस्क्यू) के तरीके और आमजन को सुरक्षित रखने के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

You missed