सलूम्बर जिले की ग्राम पंचायत डाल में ‘ग्राम रथ अभियान’ के तहत एक संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। सलूम्बर जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने इसकी अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। जनसुनवाई में कलेक्टर ने ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इससे पहले, जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों और आमजन से सीधा संवाद किया। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। जिला कलेक्टर ने बताया कि ग्राम रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों तक राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का फायदा उठा सकें। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याएं उठाईं। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, एसीईओ दिनेश चंद्र पाटीदार, एसडीएम सुरेश कुमार बलाई, तहसीलदार मयूर शर्मा, सीएमएचओ डॉ. महेंद्र परमार, पीआरओ पुष्पक मीणा, एसीपी दीपक धाकड़, आयुर्वेद विभाग के डॉ. जितेंद्र जोशी, ममता जाखड़ और राजेश शर्मा सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed