फलोदी पुलिस ने खीचन गांव की एक हवेली से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी के मामले में मुख्य आरोपी बाबूलाल पुत्र अमराराम राव को गिरफ्तार किया है। बाबूलाल ही इस चोरी की योजना बनाने वाला मास्टरमाइंड था और दो महीने से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। यह मामला 5 मार्च 2026 को वैभव कुमार गुलेछा निवासी खीचन द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट से संबंधित है। परिवादी ने बताया था कि पिछली रात अज्ञात चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और अन्य सामान चुरा लिए थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी सतनाम सिंह ने बताया कि इस वारदात में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें नोख निवासी सवाईसिंह रावणा राजपूत, रामस्वरुप माली, कपिल माली, एक बाल अपचारी, असकर निवासी मोखेरी (हाल खीचन), और घासीराम आचार्य निवासी डेह (जिला नागौर, हाल तुलसी कॉलोनी, कबीर नगर, थाना प्रतापनगर, जोधपुर कमिश्नरेट) शामिल हैं। चोरी का कुछ माल भी बरामद किया गया था। हालांकि, बाबूलाल पुत्र अमराराम राव घटना के बाद से ही फरार था। एसपी सतनाम सिंह के अनुसार, 15 मई को एडीशनल एसपी ब्रजराज सिंह चारण और सीओ अचल सिंह देवड़ा के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी प्रदीप एएसआई को वांछित आरोपी बाबूलाल के बारे में सूचना मिली। डीएसटी फलोदी ने मेगा हाईवे पर नाकाबंदी कर बाबूलाल को एक बाइक से पकड़ा और फलोदी पुलिस थाने को सौंप दिया। पुलिस की गहन पूछताछ में बाबूलाल ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि उसी ने खीचन की हवेली की रेकी कर चोरी की योजना बनाई थी। आरोपी बाबूलाल राव के कब्जे से चोरी की गई चांदी की एक पायजेब और एक कटार बरामद की गई है। अन्य सामान की बरामदगी और आगे की जांच के लिए आरोपी को रिमांड पर लिया गया है।

You missed