गवर्नमेंट कॉलेज बारां में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम वर्ष (सेमेस्टर प्रथम) में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह तिथि 15 मई निर्धारित थी, जिसे अब 22 मई 2026 तक कर दिया गया है। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। कॉलेज प्रशासन के अनुसार ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 1 मई 2026 से शुरू हुई थी और विद्यार्थी लगातार आवेदन कर रहे हैं। प्रिंसिपल प्रो. मुनेश चंद शर्मा ने बताया कि आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा जयपुर की ओर से संचालित इस प्रक्रिया में विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि में बढ़ोतरी की गई है। संपूर्ण प्रवेश प्रभारी सह आचार्य रामकेश मीणा ने जानकारी दी कि आवेदन पत्रों के सत्यापन का कार्य भी निरंतर जारी है। स्नातक नोडल प्रभारी दीपक कुमार ने संबंधित कर्मचारियों को सभी आवेदन पत्रों का समय पर ऑनलाइन सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। इससे प्रवेश संबंधी किसी भी तकनीकी परेशानी से बचा जा सकेगा।