अलवर में शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हनों की गैंग का खुलासा हुआ है। गिरोह से जुड़ी दो कथित लुटेरी दुल्हनों ने अलग-अलग तरीके से परिवार को निशाना बनाया। पहली दुल्हन शादी से पहले ही नशीला पदार्थ पिलाकर करीब 3 लाख रुपए और सामान लेकर फरार हो गई। जबकि दूसरी दुल्हन शादी के बाद लगातार पैसों की मांग कर परिवार पर दबाव बना रही है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने गिरोह के 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि एक संगठित गिरोह ने पहले शादी का भरोसा दिलाया, फिर अलग-अलग बहानों से उससे लाखों रुपए ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, पहली लड़की घर में नशीला पदार्थ मिलाकर नकदी और सामान लेकर फरार हो गई। बाद में दूसरी लड़की से शादी कराकर फिर रुपए मांगने और रिश्ता तोड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पढ़िए, सिलसिलेवार कैसे शुरू हुआ पूरा मामला प्रेम नगर मेहताब सिंह का नोहरा निवासी अजय शर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पहचान माचाड़ी निवासी बंटी से हुई थी। जून 2025 में बंटी ने उसकी मुलाकात मनोहर उर्फ पप्पी पंडित से कराई। आरोप है कि दोनों ने एक युवती की फोटो दिखाकर कहा कि लड़की मध्यप्रदेश की रहने वाली है और उसके पिता गंभीर रूप से बीमार हैं। शादी करवाने के बदले इलाज और खर्च के नाम पर करीब तीन लाख रुपए मांगे गए। परिवादी के अनुसार, पहले किराया भाड़ा और अन्य खर्च बताकर 30 हजार रुपए नकद पप्पी ने ले लिए। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को एमपी निवासी निशा को उसके भाई, मौसा और मौसी के साथ अलवर लाया गया। उसी दिन टेल्को चौराहे के पास करीब 2.30 लाख रुपए नकद मनोहर उर्फ पप्पी को दिए गए। 5 दिन घर में रही, फिर लाखों लेकर भागी लुटेरी दुल्हन अजय ने आरोप लगाया कि लड़की करीब पांच दिन तक उसके जीजा और बहन के घर पर रही। इस दौरान परिवार ने उसके लिए करीब 60 हजार रुपए की खरीदारी की, जिसमें लहंगा, साड़ी, कपड़े, मंगलसूत्र, बिछिया, मेकअप और अन्य सामान शामिल था। परिवाद के मुताबिक, 17 जनवरी 2026 की रात लड़की ने परिवार के लोगों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब परिवार के लोग सुबह उठे तो लड़की घर से गायब मिली। साथ ही घर से करीब 3 लाख रुपए नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी गायब था। लड़की के साथ जो उसके रिस्तेदार साथ आए थे वो भी गायब मिले। शिकायत करने पर दूसरी लड़की से शादी करने की कही बात इसकी शिकायत जब बंटी और मनोहर से की गई तो उन्होंने दूसरी लड़की आरती से शादी कराने की बात कही। आरोपियों ने बताया कि लड़की तलाकशुदा है और फिलहाल माचाड़ी,राजगढ़ (अलवर) में रह रही हैं। लेकिन असल में ये अलवर शहर के बांस वाली गली की रहने वाली है। 23 जनवरी 2026 को आरती उसके भाई राम, तन्मय, उनकी मां, दोस्त छगन समेत अन्य लोगों के साथ अलवर पहुंची, जहां उसकी शादी अजय से कराई गई। आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर रुपए ऐंठे परिवादी ने बताया कि शादी के लिए काशीराम चौराहे स्थित धर्मशाला बुक करवाई गई थी, जहां 300 से 400 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान भी आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे लिए। पहले किराये और खर्च के नाम पर 10 हजार रुपए लिए गए, फिर ब्यूटी पार्लर ले जाने के बहाने और 10 हजार रुपए मांगे गए। शादी के बाद भी चलता रहा पैसों का खेल परिवादी अजय के वकील गोविंद के मुताबिक, शादी के बाद आरती कुछ दिन तक अजय के साथ रही, लेकिन बाद में अपने मायके जाने के लिए 26 जनवरी 2026 को भतीजे के जन्मदिन का बहाना बनाकर 4 हजार रुपए लेकर चली गई और वापस आने से मना कर दिया। परिवार के लोग लेने गए तो दुल्हन समेत आरोपियों ने मांगे पैसे वकील ने बताया कि जब परिवार उसे लेने गया तो आरोपियों ने और पैसे मांगने शुरू कर दिए। यहां तक कहा गया कि रुपए नहीं दिए तो रिश्ता तुड़वा देंगे। शिवरात्रि पर भी बड़ी मुश्किल से आरती ससुराल आई और फिर वापस चली गई। इसके बाद उसने आने से इनकार कर दिया। इस तरह आरोपियों ने मिलकर उससे करीब 3.60 लाख रुपए नकद ले लिए और शादी समारोह में करीब 6.50 लाख रुपए खर्च करवा दिए। इस तरह पूरे घटनाक्रम में 10 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। फिलहाल थाने में रिपोर्ट दर्ज हो गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैं। ————– लुटेरी दुल्हनों से संबंधित ये खबरें भी पढ़िए… शादी के एक महीने बाद ज्वेलरी-कैश लेकर भागी लुटेरी दुल्हन:बीमार सास को फिनायल मिलाकर खिचड़ी खिलाई, लिव-इन रिलेशनशिप एग्रीमेंट भी बनवाया था अलवर में शादी के करीब एक महीने बाद दुल्हन सोने-चांदी की ज्वेलरी और 30 हजार रुपए कैश लेकर भाग गई। जिस दिन लुटेरी दुल्हन भागी, उस दिन उसने बीमार सास को फिनायल मिलाकर खिचड़ी खिला दी। (पूरी खबर पढ़ें…) दुल्हन 10 लाख के सोने के गहने लेकर भागी:दूल्हे को जेल भिजवाने की धमकी दी, शादी से पहले लिए थे 5 लाख रुपए दुल्हन 5 लाख रुपए नगदी और 10 लाख रुपए के सोन के गहने लेकर भाग गई। दुल्हा उसके पीहर लेने गया था तो धमकाया गया। उसे झूठा केस लगाकर जेल भेजने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि यह हमारा ठगी का तरीका है। लड़के वालों ने शादी से पहले भी लड़की वालों को 5 लाख रुपए दिए थे। (पूरी खबर पढ़ें…)
