बूंदी पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देई थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत और वृत्ताधिकारी नैनवां नरेंद्र नागर के मार्गदर्शन में देई थानाधिकारी कमलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने सूचना तंत्र और मुखबिरों की जानकारी के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और वारदात में प्रयुक्त एक दांतली, एक कड़ा और तीन लकड़ी के डंडे बरामद किए। पीड़ित ने 3 मई 2026 को मामला दर्ज कराया थाा। रिपोर्ट के अनुसार लगभग एक साल पहले पीड़ित की बेटी छत पर सो रही थी। तभी एक लड़का बगल की छत से आया और उसने लड़की के साथ तस्वीरें ले लीं। जब लड़की की नींद खुली और उसने लड़के से पूछा, तो उसने बताया कि उसने मोबाइल में उसकी तस्वीरें खींच ली हैं। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह तस्वीरें वायरल कर देगा। इसके बाद उसने डरा-धमकाकर लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 29 अप्रैल 2026 को आरोपी बोलेरो गाड़ी में फरियादी की बेटी का जबरन अपहरण करने के इरादे से उनके घर आए। उन्होंने गाड़ी घर के सामने खड़ी कर दी, लेकिन पड़ोसियों के आने पर वे गाड़ी लेकर चले गए। उस समय पीड़ित के परिवार वाले एक शादी में गए हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग आरोपियों को समझाने के उद्देश्य से उनके गावं गए। वहां पहले से ही 15-20 व्यक्ति हथियारों के साथ तैयार खड़े थे, जिन्होंने परिवार के सदस्यों पर हमला कर मारपीट की। इस रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।
