उदयपुर के डबोक थाना इलाके में रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद डंपर चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। डंपर बाइक को सड़क पर करीब 400 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। डंपर के नीचे फंसी बाइक जब सड़क पर रगड़ खा रही थी, तो उससे भयंकर चिंगारियां निकल रही थीं। इसे देखकर वहां मौजूद लोगों की रूह कांप गई। बाइक सवार युवक को संभलने तक का जरा भी मौका नहीं मिला। डंपर चालक की इस लापरवाही और संवेदनहीनता को देखकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना पर डबोक थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को शांत कराया और मृतक के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने डंपर को भी जब्त कर लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस अब डंपर के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। डबोक के स्थानीय लोगों का कहना है कि रॉन्ग साइड से वाहन चलाना आजकल एक बड़ी समस्या बन गया है। डंपर चालक ने शॉर्टकट के चक्कर में अपनी गाड़ी रॉंग साइड में डाल दी थी। उसकी इस एक गलती की कीमत एक निर्दोष युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस ने युवक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।