परिवार के साथ वाटरपार्क गई 11 साल की बच्ची पूल में गहराई में चली गई। किसी ने बच्ची की तरफ ध्यान नहीं दिया। डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना पाली जिले के सांडेराव थाना इलाके के वाटरपार्क में बुधवार को हुई। गुरुवार को बच्ची का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजन को सौंप दिया गया। सांडेराव थाने के ASI लक्ष्मण सिंह ने बताया- थाना इलाके के बसंत गांव निवासी कालू सिंह की पत्नी बुधवार को अपनी दो बेटियों के साथ सांडेराव के वाटरपार्क गई थी। गांव की दो-तीन महिलाएं भी अपने परिवार के साथ यहां पहुंचीं थी। गांव की महिलाएं बच्चों को लेकर गईं थी वाटरपार्क कालू सिंह की बेटी गौरी (11) अपनी बहन और दूसरे बच्चों के साथ पूल में खेलने लगी। सभी महिलाएं बच्चों का ध्यान रख रही थीं और वहीं बैठी थीं। गौरी और अन्य बच्चे पूल में नहा रहे थे। इस दौरान गौरी पूल के गहराई वाले हिस्से की तरफ चली गई। पानी ज्यादा होने के कारण वह डूब गई। किसी का ध्यान गौरी की तरफ नहीं गया। जब उसके पैर पानी में ऊपर नजर आने लगे तब आस-पास मौजूद लोगों का ध्यान बच्ची की तरफ गया। बच्ची को लेकर लोग चिल्लाए-बच्ची डूब गई। इसके बाद लोगों ने गौरी को पानी से निकाला और प्राथमिक उपचार देकर पानी निकालने की कोशिश की। इसके बाद उसे सांडेराव हॉस्पिटल ले जाया गया। हॉस्पिटल में डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजन को सौंपा और मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। पिता की अहमदाबाद में दुकान, घर पहुंचे जानकारी के अनुसार- गौरी के पिता की अहमदाबाद में कपड़ों की दुकान है। हादसे की सूचना मिलते ही वे अहमदाबाद से अपने गांव बसंत पहुंचे। बेटी की बॉडी देख उनकी आंखों से आंसू गिरने लगे। उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि उनकी लाडली बेटी अब इस दुनिया में नहीं रही। परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला।