ब्यावर के आशापुरा माता धाम में गुरुवार को सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती महोत्सव का विधिवत शुभारंभ धर्म ध्वजारोहण के साथ किया गया। सम्राट पृथ्वीराज चौहान जन्मोत्सव समारोह समिति के नेतृत्व में आयोजित यह महोत्सव एक माह तक चलेगा, जिसमें धार्मिक, सामाजिक, खेल, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। शुभारंभ अवसर पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया गया और 21 कुंडीय धर्म पुष्टि यज्ञ में मगरा क्षेत्र के 51 जोड़ों ने भाग लिया। धर्म ध्वजारोहण और यज्ञ के साथ हुई शुरुआत ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष द्वादशी के अवसर पर आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद 21 कुंडीय धर्म पुष्टि यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें मगरा क्षेत्र के 51 जोड़ों ने सहभागिता निभाई और धार्मिक अनुष्ठानों में आस्था व्यक्त की। मंत्री और संतों का मिला सानिध्य ब्यावर परियोजना सहप्रमुख पृथ्वी सिंह भोजपुरा ने बताया कि कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री उमाशंकर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम को संत रामकृष्ण दास नृसिंह द्वारा पाटन और संत रामादेव कृष्णजी महाराज कड़ेल का आध्यात्मिक सानिध्य प्राप्त हुआ। जनप्रतिनिधियों और समाजजनों की रही मौजूदगी समारोह में ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत, समिति अध्यक्ष एवं पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेम सिंह चौहान, संयोजक डॉ. धर्मेन्द्र सिंह लामाना, सह संयोजिका ललिता बल्दवा, सहसंयोजक विक्रांत सिंह रावत, धन्ना सिंह चौहान, परियोजना प्रमुख लक्ष्मीनारायण, छोटू सिंह कानाखेड़ा, नितेश गोयल और रायपुर प्रधान कमला चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे।
गांव-गांव पहुंचाया जाएगा पृथ्वीराज चौहान का जीवन चरित्र समिति के सहसंयोजक विक्रांत रावत ने बताया कि महोत्सव के तहत 14 मई से 15 दिवसीय ग्रामोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन चरित्र और उनके शौर्य की गाथाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यक्रमों की भी होगी श्रृंखला महोत्सव के दौरान 1 से 7 जून तक जिला स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 60 टीमों के भाग लेने की संभावना है। इसके अलावा 7 जून को “मगरे के शहीदों को नमन” कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके तहत नरवर से दिवेर तक वीर शहीदों और महापुरुषों के स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 11 जून को निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि 12 जून को निशुल्क चिकित्सा एवं जांच परामर्श शिविर के साथ शिक्षक संघ राष्ट्रीय के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
मैराथन, धर्मकथा और सामूहिक विवाह होंगे आकर्षण का केंद्र महोत्सव के अंतर्गत 14 जून को “मगरा मैराथन दौड़” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 15 वर्ष से अधिक आयु के धावक हिस्सा ले सकेंगे। इसके बाद 16 से 18 जून तक धर्मकथा का आयोजन होगा। वहीं महोत्सव का समापन 18 जून को चीता मेहरात हिन्दू मगरा मेरवाड़ा महासभा द्वारा आयोजित निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन और जयंती समापन समारोह के साथ होगा। समापन समारोह में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे, जबकि रमेश चंद्र अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद कार्यक्रम में विवाह समिति संयोजक सूरज प्रताप सिंह राजियावास, धर्मा पूरण सिंह राजियावास, भगवान सिंह लालपुरा, विहिप जिला सहमंत्री राजीव मिश्रा, डॉ. नरेन्द्र आनंदानी, रतन सिंह भाटी, भंवर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजजन मौजूद रहे।