पाली जिले में दो दिन के भीतर कुत्ते के हमलों के कई मामले सामने आए हैं। बुधवार सुबह मारवाड़ जंक्शन उपखंड के बड़ी गांव में एक कुत्ते ने सरकारी स्कूल में स्टूडेंट, घर के बाहर खेल रही बच्ची और एक गाय पर हमला कर दिया। वहीं गुरुवार सुबह पाली शहर में 3 बच्चों और एक युवक को कुत्ते ने काट लिया। सभी घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया। मामला पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन उपखंड के बड़ी गांव का है। बुधवार करीब 10 बजे सरकारी स्कूल के ग्राउंड में 9 साल का चेतन पुत्र जगदीश बावरी पानी पी रहा था। इसी दौरान अचानक एक कुत्ते स्कूल के अंदर घुस आया और ग्राउंड में खेल रहे बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने चेतन के पैर में दो जगह और हाथ पर काट लिया। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल बच्चे को गुरुवार को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसे रेबीज का टीका लगाया गया। फोटोज में देखें घर के बाहर खेल रही बच्ची को काटा इसी गांव में 7 साल की सपना पुत्री सवाराम घर के बाहर खेल रही थी। तभी उसी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और कमर व जांघ पर काट लिया। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। गाय को भी बनाया शिकार ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची पर हमला करने के बाद कुत्ते गांव की गलियों में आगे बढ़ा और एक गाय को भी काट लिया। लगातार हमलों के बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कुत्ते पागल हो सकता है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से कुत्ते को पकड़ने की मांग की है। आज भी तीन लोग घायल गुरुवार सुबह पाली शहर के जनता कॉलोनी निवासी 31 साल के पिन्टू कुमार पुत्र चुन्नीलाल बाइक पर जा रहे थे। इस दौरान गली में बैठे एक कुत्ते ने उनके पैर पर काट लिया। उन्हें इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहीं टैगोर नगर कच्ची बस्ती में रहने वाली 12 साल की निशा पुत्री मोहम्मद रशीद घरेलू सामान लेने जनरल स्टोर जा रही थी। इसी दौरान कुत्ते ने उस पर हमला कर दोनों पैरों में काट लिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। बाद में परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके अलावा पाली शहर के निकट मंडिया गांव निवासी 15 साल के पर्बत पुत्र नारायणराम को भी गुरुवार सुबह कुत्ते ने पैर पर काट लिया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। करीब साढ़े 12 बजे मंडिया रोड विकास नगर में रहने वाले 9 साल के लक्ष्मण पुत्र चेनाराम घर से बाहर किसी काम से गुरुवार को गया था। इस दौरान कुत्ते ने उसके पैर पर काट लिया। उसे भी इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। —————————————————————————————————- यह खबर भी पढ़ें…. कुत्ते ने 2 घंटे में 36 को काटा, लोगों ने घेरकर मारा: घर के बाहर खेल रही बच्ची का गाल नोंचा; बुजुर्ग का अंगूठा चबा डाला बांसवाड़ा के गढ़ी में बुधवार को कुत्ते ने 2 घंटे में 36 लोगों को काट दिया। एक बच्ची का गाल नोंच लिया। बुजुर्ग का अंगूठा पर काट लिया। लोगों ने घेरकर कुत्ते को मार डाला। मामला मोरड़ी गांव का है। (पूरी खबर पढ़ें)