प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद नेताओं ने काफिले में गाड़ियों की संख्या घटा दी है। गुरुवार को राजस्थान के मेड़ता (नागौर) में मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के काफिले में केवल 6 गाड़ियां थी। राजनाथ सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री एक ही कार में बैठे थे। राजनाथ सिंह के काफिले में सामान्यत: 10 से ज्यादा गाड़ियां होती हैं। इनमें आर्मी के भी 3 सिक्योरिटी व्हीकल होते हैं। गुरुवार को उनके काफिले में आर्मी की गाड़ियां भी नहीं थी। मेड़ता के पब्लिक पार्क में हुई सभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- हमारी सरकारी ने दुनिया को संदेश दे दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति जीरो टालरेंस की होगी। हमने 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक की। भारत की सेना सीमापार जाकर आतंकवादियों को मार सकती है, ऐसा संदेश हमारी ओर से दिया गया। 2019 में एयर स्ट्राइक कर आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप को तबाह कर दिया था। पूरी दुनिया ने इसे देखा। इसके बाद जो ऑपरेशन सिंदूर हुआ उससे तो लगा जैसे इतिहास ही बदल दिया। उन्होंने कहा- बहुत सी ऐसी बातें हैं तो सार्वजनिक रूप से नहीं बोल सकता हूं। मगर हमारे जवानों और अधिकारियों के साथ तीन सेनाओं ने जिस तरह से ये ऑपरेशन किया, वह भारत के इतिहास में बेमिसाल है। शायद फिर से पाकिस्तान भारत की ओर नजर उठाने की हिम्मत न करें। इस धरती से बताकर जा रहा हूं कि पाकिस्तान ने फिर आंख उठाने की हिम्मत की तो अब तक नहीं हुआ है वह होकर रहेगा। सबसे पहले देखिए- वीवीआईपी काफिले का PHOTO… हेलीपैड से ही एक की गाड़ी में बैठे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार दोपहर करीब 12 मेड़ता के पास डांगावास में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे थे। यहां राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड से दोनों नेता एक ही कार से पहले चारभुजा नाथ मंदिर पहुंचे। यहां दर्शन के बाद दोनों ने नजदीक में ही राव दूदा की प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम ने पहले ही कम कर दी थी गाड़ियों की संख्या मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार से ही अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या घटा दी थी। वे जयपुर व अन्य जगहों पर केवल 5 गाड़ियों के साथ जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार राजस्थान सरकार नेताओं व अफसरों के गाड़ी इस्तेमाल को लेकर नई गाइडलाइन भी जारी करने की तैयारी में है। इसके अलावा सरकारी कार्यक्रमों में खर्चों की कटौती को लेकर भी प्लानिंग की जा रही है। अब पढ़िए- राजनाथ सिंह सभा में क्या बोले… हमारे लोगों पर कोई हमला करेगा तो घर में घुसकर जवाब देंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- हम किसी को छेड़ते नहीं है, हमको कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ते नहीं। आप ये कल्पना कर सकते हैं कि आतंकवादियों ने पहलगाम में धर्म पूछकर हमारे लोगों को मारा। हमारी संस्कृति कहती है कि जाति, धर्म, मजहब के आधार पर कोई बंटवारा नहीं होना चाहिए। हम इंसाफ और इंसानियत में विश्वास करने वाले लोग हैं। मगर पाकिस्तान के आतंकवादी आकर धर्म पूछकर गोलियों से भून रहे हैं। पूरा देश इस घटना से आक्रोशित था। इसके बाद हमने ऐसा करारा जवाब दिया कि दुश्मन के होश उड़ गए। हमारे लोगों पर कोई हमला करेगा तो हम घर में घुसकर उसका जवाब देंगे। कोई सीमा हमें नहीं रोक सकती है। राजनाथ बोले- महिलाओं को मजबूत करने के कदम उठा रही सरकार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार नारी शक्ति को मजबूत करने के लिए हर कदम उठा रही है। महिलाओं को राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए 33 फीसदी आरक्षण संसद और विधानसभा-विधान परिषद् में दिलाने के लिए बिल लेकर आए। मगर हमारे विपक्ष के साथियों ने उसे पारित नहीं होने दिया। इस काम के लिए हम पूरी तरह से तैयार है। देर हो सकती है। मगर जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करेंगे। राजस्थान के युवाओं का सेना से पुराना रिश्ता राजनाथ सिंह ने कहा-राजस्थान के युवाओं का सेना से पुराना रिश्ता है। जब मैं सीमा पर जाता हूं तो कोई न कोई राजस्थान का ऐसा बहादुर जवान मिल जाता है। यहां के घर-घर से फौजी निकलते हैं। आज के समय में नागौर के युवा सेना में शामिल होकर हमारी सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। जिन माताओं ने ऐसे जवानों को जन्म दिया। उन्हें मैं सिर झुकाकर नमन करता हूं। …. गाड़ियों के कम इस्तेमाल से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… 1. CM भजनलाल ने अपने काफिले से आधी गाड़ियां हटाईं:PM की अपील का असर, 5 कारों के साथ एयरपोर्ट पहुंचे; मंत्री-अधिकारियों को भी निर्देश राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फिजूलखर्ची रोकने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री ने न केवल खुद के काफिले से गाड़ियां कम की हैं। (पूरी खबर पढ़ें) 2. राजस्थान में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ की तैयारी:मंत्री-अफसरों की विदेश यात्रा पर लगेगी रोक, गाड़ियां कम होंगी, जानें- क्या है सरकार का प्लान पीएम नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचत की अपील को राजस्थान में गाइडलाइन बनाकर लागू करने की तैयारी है। मंत्रियों-अफसरों की गाड़ियों की संख्या में कटौती हो सकती है। (पूरी खबर पढ़ें)
