राजसमंद में आज राजस्थान सरकार के पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राजसमंद विधायक दिप्ती माहेश्वरी के कार्यालय पहुंचकर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस पर निशाना साधा पत्रकारों से बातचीत में राजेंद्र राठौड़ ने नीट पेपर लीक मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस मामले का पर्दाफाश राजस्थान की एजेंसियों ने किया है और पेपर लीक के तार एक बार फिर सीकर जिले से जुड़ते नजर आ रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि भजनलाल सरकार ने पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनका लगभग सफाया कर दिया है और जो लोग अभी बचे हैं, उन्हें भी जल्द खत्म कर दिया जाएगा। कांग्रेस के नेता माफी मांगें उन्होंने कांग्रेस नेताओं अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली द्वारा आरोपियों के भाजपा कार्यकर्ता होने के बयान पर आपत्ति जताई। राठौड़ ने कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी और कांग्रेस नेताओं को गैर जिम्मेदार बयान देने से बचना चाहिए तथा इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। वहीं पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है और वहां पहली बार लोगों को स्वतंत्र रूप से मतदान करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि बंगाल अब गुंडाराज से मुक्त होगा और डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को गति देगी।