पत्नी की सोते समय पति ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी । इसके बाद कमरा बंद करके आरोपी ट्रेन से खाटूश्याम जी चला गया। तीन दिन बाद जब घर से बदबू आई तो घटना का खुलासा हुआ। आरोपी के गांव वापस लौटते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मांढण थाना क्षेत्र के महतावास गांव की है। आरोपी ने 7 मई वारदात को अंजाम दिया। 10 मई को बदबू आने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घर से शव बरामद किया। इसके बाद जब पति 12 मई को गांव लौटा तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा किया। मांढण थानाधिकारी किरण सिंह ने बताया- हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला के पति को 12 मई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने बताया-10 मई की सुबह सूचना मिली थी कि महतावास गांव में कपिल सेन के मकान से बदबू आ रही है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। घर के अंदर जाकर देखा तो कपिल सेन की पत्नी मोनिका (36) का शव खून से लथपथ हालत पर बेड पर पड़ा था। दीवारों और जमीन पर खून के निशान थे। शव का नीमराना सीएचसी में पोस्टमार्टम कराया गया। भाई ने दर्ज कराया था हत्या का मामला 10 मई को मोनिका के भाई पवन सैन निवासी घीलोठ (नीमराना) ने रिपोर्ट देकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। पवन ने बताया कि 30 नवंबर 2009 मेरी दो बहन मोनिका और भारती की शादी गांव महतावास के रहने वाले दो भाई कपिल और गजेंद्र के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दोनों बहनों को दहेज के लिए परेशान करने लगे। कई बार समझाइश के बाद भी जब परिजन नहीं माने तो 7-8 साल पहले भारती अपने पीहर घीलोठ में आकर रहने लगी। इस दौरान मोनिका अपने ससुराल में ही रही। उसका पति कपिल हरियाणा के कुंड में सैलून में काम करता था। शराब पीने का आदी था पति कपिल शराब पीने का आदी था और आए दिन मोनिका से मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मोनिका अपनी दो बेटियों के साथ हरियाणा के कापड़ीवास, रेवाड़ी में रहने लगी। वहीं एक फैक्ट्री में काम करने लगी। मोनिका कभी-कभी ससुराल के पुश्तैनी कामों के चलते गांव आया करती थी। वह शादियों में परिवारों का हाथ बंटाती, इसके बाद वापस अपने काम पर लौट जाती थी। 7 मई की रात को दिया वारदात को अंजाम पुलिस ने बताया- 6 मई को मोनिका गांव के एक परिवार में शादी होने के चलते कामकाज के लिए ससुराल आई थी। 7 मई की रात को शादी पूरी होने के बाद जब ज्यादा रात हो गई तो वह अपने घर पर ही रुक गई। इस दौरान कपिल ने कुल्हाड़ी से कई वार कर मोनिका की हत्या कर दी। किसी को उस पर शक ना हो इसके लिए वह गेट बंद करके ट्रेन से खाटूश्यामजी चला गया। पुलिस ने बताया- आरोपी कपिल का परिवार मकान के दूसरे हिस्से में रहता था। भाई के घर पर कम आवाजही के चलते किसी को वारदात का पता नहीं चल सका। मांढण थानाधिकारी किरण सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। हत्या के दौरान उपयोग लिया गया धारदार हथियार बरामदगी सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया और कार्रवाही की जाएगी। दो बेटियों को मां का इंतजार मोनिका की बड़ी बेटी पावनी (14) कक्षा 9वीं छोटी बेटी नंदनी (11) कक्षा 7वीं में कापड़ीवास रहकर कुंड के प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थी। अब दोनों बेटियां मामा के पास है। … यह खबर पढ़ें अजमेर का भाजपा नेता ही निकला पत्नी का हत्यारा:दूसरी महिला से चल रहा था प्रेम प्रसंग; बार-बार बदलते बयानों से पुलिस को शक हुआ लूट और मारपीट की कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने वाला भाजपा नेता ही पत्नी का हत्यारा निकला। उसका किसी महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसलिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या का प्लान बनाया। (पढ़ें पूरी खबर)