नीट-2026 पेपर लीक मामले में जमवारामगढ़ (जयपुर) से पकड़े गए दो भाइयों में एक भाजपा युवा मोर्चा का पदाधिकारी रह चुका है। बीजेपी से संबंध होने पर सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी नेताओं से जवाब मांगते हुए तल्ख टिप्पणियां की। हालांकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने आरोपी के बीजेपी कार्यकर्ता होने से इनकार कर दिया। दरअसल, नीट पेपर लीक मामले में एसओजी ने दो भाइयों मांगीलाल बिंवाल और दिनेश बिंवाल को पकड़ा था। दिनेश बिंवाल भाजपा युवा मोर्चा में जिला महामंत्री रह चुका हैं। दिनेश बिंवाल के फेसबुक पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर सहित कई बीजेपी नेताओं के साथ फोटो है। जमवारामगढ़ से बीजेपी विधायक महेंद्र पाल मीणा के जन्मदिन पर शुभकामनाओं के पोस्टर लगाने के फोटो भी अपलोड हैं। गहलोत बोले- आरोपी भाजपा पदाधिकारी, इसीलिए पेपर लीक को छिपाने का प्रयास किया पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा- NEET पेपर लीक में गिरफ्तार आरोपी दिनेश बिंवाल भाजपा का पदाधिकारी है। क्या यही वजह है कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने NEET पेपर लीक को छिपाने का प्रयास किया और कोई FIR दर्ज नहीं की? डोटासरा बोले- नीट पेपर लीक के आरोपी शिक्षा मंत्री के नजदीकी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर लिखा- ये बेहद गंभीर और चौंकाने वाला है कि NEET पेपर लीक में जयपुर के जिन दो आरोपियों दिनेश बिंवाल और मांगीलाल का नाम सामने आ रहा है, वो जयपुर ग्रामीण में भाजपा पदाधिकारी और भाजपा सरकार के मंत्री-विधायकों के करीबी बताए जा रहे हैं। डोटासरा ने लिखा- 22 लाख युवाओं के भविष्य को बेचने वाले आरोपियों की तस्वीर भाजपा नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं। कोई जमवारामगढ़ से भाजपा विधायक का करीबी बताया जा रहा है, तो कोई शिक्षा मंत्री और चौमूं से भाजपा के पूर्व विधायक का खास। आखिर भाजपा और पेपर लीक माफियाओं के बीच क्या रिश्ता है? डोटासरा ने लिखा- ऐसे में सवाल और गंभीर हो जाता है कि आखिर भाजपा और पेपरलीक माफियाओं के बीच क्या रिश्ता है? देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है, उनके सपनों को बेचा गया है,अगर भाजपा का इन आरोपियों से कोई संबंध नहीं, तो उन्हें आगे आकर स्पष्ट करना चाहिए। जूली का तंज- बीजेपी नेता के कारण छिपाए रखा मामला नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक्स पर लिखा- NEET पेपर लीक में गिरफ्तार दिनेश बिंवाल भाजपा का नेता है। क्या राजस्थान की भाजपा सरकार ने इसी कारण से 9 दिन तक पेपर लीक को छिपाए रखा और FIR दर्ज नहीं की? बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले- वो हमारा कार्यकर्ता नहीं
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिनेश बिंवाल की नीट पेपर लीक में गिरफ्तारी और कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। राठौड़ ने कहा-अशोक गहलोत को पूरी जानकारी नहीं है, जिसकी ये बात कर रहे हैं, वो हमारा कार्यकर्ता नहीं है। फोटो और सेल्फी तो आजकल कोई भी किसी के साथ ले लेता है। उसने भी किसी नेता के साथ फोटो खिंचवा ली होगी, हालांकि मेरे साथ उसका फोटो नहीं है। NEET पेपर लीक में पकड़े गए जमवारामगढ़ के दो भाई नीट पेपर लीक मामले में जमवारामगढ़ (जयपुर) के दो भाइयों मांगीलाल बिवाल और दिनेश बिवाल को पकड़ा गया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों भाइयों ने 26-27 अप्रैल को गुरुग्राम (हरियाणा) के एक डॉक्टर से कथित रूप से 30 लाख रुपए में पेपर खरीदा था। वहीं परिवार का कहना है कि दोनों को साजिश के तहत फंसाया गया है। पूरी खबर पढ़ें पेपर लीक के बाद के घटनाक्रम…
NEET पेपर लीक- ‘गेस पेपर’ बनाकर 10 राज्यों में बेचा
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के रद्द होने के पीछे की असली कहानी सामने आ गई है। भास्कर को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड नासिक की प्रिंटिंग प्रेस से जुड़ा है। माफिया ने पेपर लीक को छिपाने के लिए इसे ‘गेस पेपर’ का नाम दिया, ताकि जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकी जा सके। ‘गेस पेपर’ में NEET के 120 से ज्यादा सवाल हूबहू मिल गए। पूरी खबर पढ़ें… नासिक की प्रिंटिंग-प्रेस से लीक हुआ था NEET का पेपर
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को हुई NEET 2026 रद्द कर दी है। पेपरलीक की आशंका के कारण परीक्षा कैंसिल हुई है। दरअसल, राजस्थान के सीकर और झुंझुनूं के कई स्टूडेंट्स को एग्जाम से 2 दिन पहले गेस पेपर मिला था। दावा किया जा रहा है कि इस पेपर के 120 से ज्यादा सवाल ओरिजनल पेपर में भी आए थे। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में सामने आया है कि नासिक (महाराष्ट्र) के शुभम खैरनार ने प्रिंटिंग प्रेस से लीक कर पेपर पुणे में बेचा। पूरी खबर पढ़ें… NEET रद्द, स्टूडेंट्स बोले-जेईई की तरह हो
3 मई को हुई NEET 2026 परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने रद्द कर दी। राजस्थान के 27 जिलों के 611 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। इन केंद्रों के लिए 2.09 लाख अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। करीब 2 लाख स्टूडेंट्स ने एग्जाम दिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद से स्टूडेंट्स में निराशा का माहौल है। स्टूडेंटस का कहना है कि पेपर लीक से जुड़े लोगों की वजह से साल खराब हो रहे हैं। वहीं BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- हमारे यहां पेपर लीक नहीं हुआ। अन्य प्रदेश केरल से हुआ। पूरी खबर पढ़ें… NEET-2026 पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
पेपर लीक की आशंका के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को हुई NEET-2026 रद्द कर दी है। इससे पूरे देश में आक्रोश है। राजस्थान में आज (बुधवार) कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे लाखों स्टूडेंट्स के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। सीकर और उदयपुर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका गया और उनसे इस्तीफा मांगा गया। साथ ही, केंद्र सरकार एवं NTA पर सवाल उठाए गए। पूरी खबर पढ़ें…
