अबोहर, 13 मई। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नंबर एक की पुलिस ने एक युवक को 14 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी कृष्णा नगरी का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल हर्ष कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ इंद्रा नगरी खेल स्टेडियम के निकट शमशान घाट को जाती सड़क पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों में बैठा एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। तलाशी लेने पर युवक के पास से 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए युवक की पहचान अबोहर निवासी रोहित पुत्र सदानंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज थाना नंबर एक के प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस ने अभियान और तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन नशा तस्करों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं। गिरफ्तार युवक पर पहले भी हेरोइन तस्करी का मामला दर्ज है। इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से और भी अहम खुलासे होने तथा बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद होने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 10 दिनों में पुलिस ने दो दर्जन से अधिक युवकों को हेरोइन सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उन्होंने कहा कि आम जनता भी लगातार पुलिस का सहयोग कर रही है। यदि लोगों का इसी तरह सहयोग मिलता रहा तो जिन इलाकों में नशा बिकता है, वहां नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने में पुलिस जरूर सफल होगी।