बीकानेर. पुष्करणा ब्राह्मण समाज का सामूहिक विवाह (सावा) मितव्ययिता और सामाजिक एकता के लिए प्रसिद्ध है। पहले चार साल और अब दो साल में आयोजित होने वाला यह अनोखा आयोजन अब 10 फरवरी 2026 को होगा। इस दिन प्रदेश और देशभर से पुष्करणा समाज के परिवार बीकानेर पहुंचकर अपने लड़के-लड़कियों के विवाह कराएंगे। परंपरानुसार दशहरा के दिन सावा की तिथि तय होते ही सगाइयों, भवन और टेंट बुकिंग का क्रम शुरू हो चुका है। आयोजन वाले दिन पूरा परकोटा विवाह समारोह की छत बनेगा और शहरवासी बाराती।
