जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल के सर्जरी विभाग की टीम ने एक ऑपरेशन करके महिला की बच्चेदानी से बड़ी गांठ निकाली। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चेदानी की इतनी बड़ी गांठ का हॉस्पिटल में पहले कभी ऑपरेशन नहीं हुआ। सर्जरी विभाग की एचओडी डॉ. ऋचा जैन ने बताया- डॉक्टर नरेन्द्र शर्मा और उनकी टीम ने किया। डॉ. नरेन्द्र शर्मा ने बताया- मरीज श्रीमती मनोज निवासी कुम्हेर पिछले करीब 15 साल से पेट में गांठ की समस्या से पीड़ित थीं। गांठ का आकार अत्यधिक बड़ा होने के कारण मरीज को लगातार पेट दर्द और चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। सामान्यतः इतनी बड़ी गांठ को निकालने के लिए बड़ा चीरा लगाना पड़ता है, लेकिन हमारी टीम ने अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के जरिए छोटे चीरे से ऑपरेशन करके इस गांठ को निकाला। महिला की बच्चेदानी से निकली गांठ का साइज 24x19x17 सेमी थी। इसके लिए करीब 7 से 8 सेमी. लम्बाई का चीरा लगाया गया। जबकि सामान्य तौर पर अगर इतनी बड़ी गांठ अगर निकाली जाती है तो उसके लिए 14 से 16 सेमी. या उससे ज्यादा बड़ा चीरा लगता है। उन्होंने बताया- इस सर्जरी में डॉ. महेंद्र चौधरी, डॉ. सोनाली और एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. सुशील भाटी, डॉ. कंचन चौहान, डॉ. सुनील चौहान, डॉ. मनोज सोनी, डॉ. नम्रता कौशिक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
