पाकिस्तान से भारतीय सीमा में ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियार पहुंचाने वाले नेटवर्क के खिलाफ बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पंजाब पुलिस के सहयोग से पंजाब की फरीदकोट जेल से सोनू उर्फ सुखविंदर नाम के युवक को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जेल में रहते हुए ही पूरे तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था। बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि आरोपी के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है, जिसमें गैंग से जुड़े कई लोगों की जानकारी मिली है। अब इस डाटा के आधार पर पुलिस आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां कर सकती है। पाकिस्तान से आती थी सूचना, राजस्थान तक फैला नेटवर्क अब तक की जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए बीकानेर से सटे बॉर्डर एरिया में आठ से दस बार हेरोइन और हथियार गिराए गए। इसकी सूचना पाकिस्तान से सीधे फरीदकोट जेल में बंद सुखविंदर तक पहुंचती थी। पुलिस के अनुसार सुखविंदर आगे राजस्थान के विभिन्न जिलों में सक्रिय अपने नेटवर्क को ड्रॉपिंग पॉइंट की जानकारी देता था। इसके बाद जयपुर, पाली सहित कई जिलों के युवक सीमा क्षेत्र में पहुंचकर वहां से हेरोइन और हथियार उठाते थे। जेल में मोबाइल से ऑपरेट हो रहा था सिंडिकेट जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि सुखविंदर फरीदकोट जेल में मोबाइल का उपयोग कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से जो मोबाइल बरामद किया है, उसमें कई संदिग्ध तस्करों और गैंग से जुड़े लोगों के नाम मिले हैं। पुलिस अब इन लोगों की तलाश में जुट गई है। सूत्रों के अनुसार मोबाइल में जिन लोगों की जानकारी मिली है, उनमें अधिकांश के खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि सुखविंदर पश्चिमी सीमा से डिलीवरी लेने वाली गैंग का मुख्य सरगना है। एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि इस नेटवर्क का सिंडिकेट तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। ऐसे खुला पूरा नेटवर्क इस पूरे मामले का खुलासा पूगल क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद हुआ। कुछ दिन पहले पाली निवासी खेताराम नाम का युवक स्कूटी पर पूगल से बीकानेर की ओर आ रहा था। रास्ते में एक नीलगाय की टक्कर से वह गंभीर घायल हो गया। उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जबकि उसकी स्कूटी पूगल थाने में रखवाई गई। बाद में पुलिस ने जब स्कूटी की तलाशी ली तो उसमें करीब 70 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद हुई। घायल युवक के होश में आने का इंतजार करने के दौरान पुलिस को उसके पास से एक मोबाइल मिला। इसी मोबाइल की जांच करते-करते पुलिस सोनू उर्फ सुखविंदर तक पहुंची। अब उसके मोबाइल से पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। आईजी बोले- बॉर्डर पर लगातार हो रही ड्रोन ड्रॉपिंग बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने भी माना है कि बीकानेर रेंज से जुड़े बॉर्डर क्षेत्रों में लगातार ड्रोन ड्रॉपिंग हो रही है। उन्होंने बताया कि खाजूवाला, रावला, करणपुर और केसरीसिंहपुर से लेकर पंजाब सीमा तक ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियार गिराए जा रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
