जयपुर में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार पांच लोगों को टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक पर माता-पिता के साथ मौजूद 10 महीने की बच्ची को बस कुचलते हुए निकल गई। बस के पिछले टायर के नीचे आने से मौत हो गई। मासूम बच्ची का शरीर क्षत-विक्षत हो गया। घटना चंदवाजी थाना इलाके के आमेर क्षेत्र की है। चंदवाजी थाना के एएसआई संतोष कुमार ने बताया सुबह 9 बजे आनंद हॉस्पिटल के पास अचरोल तिराहे पर दिल्ली से जयपुर जाते दौरान हादसा हुआ। चंदवाजी के रहने वाले शेर सिंह अपने परिवार के साथ मजदूरी करने के लिए मोटरसाइकिल से कूकस जा रहे थे। आमेर इलाके में हॉस्पिटल के स्टाफ को लेकर जा रही निजी बस तेज गति में आ रही थी। इस दौरान गलत दिशा में कट से बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल बस के नीचे जा घुसी। परिवार सड़क पर दूर जा गिरा। 10 महीने की सकीना पुत्री शेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज अचरोल पुलिस चौकी सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया- बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, बस को जब्त कर लिया गया है। हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मजदूरी पर निकला था परिवार मातम में बदला सफर बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। रोजाना मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बस ड्राइवर की लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया। ये लोग हुए घायल सड़क हादसे में संतरा देवी (30) पत्नी शेर सिंह, सपना (8) पुत्री शेर सिंह, शेर सिंह पुत्र मांगीलाल और इंदिरा देवी (50) पत्नी कैलाश चंद घायल हो गए। सभी को जयपुर ग्रामीण को बीएसटी हॉस्पिटल अचरोल भेजा गया।
