बाड़मेर शहर के पुराने पावर हाउस में मंगलवार को अचानक आग भड़क गई। आग लगने ही मौके पर हड़कंप मच गई और वहां मौजूद स्टाफ दौड़कर बाहर निकला। इस हादसे के बाद आधे शहर की बिजली सप्लाई दो घंटे पूरी तरह से ठप रही। मामला शहर के रायॅ कॉलोनी रोड स्थित पुराने बिजली घर का है। यहां एईएन ऑफिस भी है और डिस्कॉॅम का सब स्टेशन भी। बताया जा रहा है कि यहां ट्रांसफॉर्मर ऑयल के ड्रम भी भी थे, जिसकी वजह से आग भड़क गई। आग इतनी फैल गई कि इसकी लपटें ऑफिस से सटे दो घरों तक पहुंच गई। ऐसे में यहां मौजूद लोगो और यहां रखी गैस की टंकियों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि इलाके के करीब 14 से 15 घरों को खाली करवाया। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और एसपी चूनाराम जाट भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर ने बताया कि ऑफिस में रखे पुराने स्क्रैप की वजह से आग भड़की थी। आस-पास के घरों को भी खाली करवाया गया। फोटो में देखें कैसे भड़की आग… गर्मी और शॉर्ट सर्किट की वजह सामने आया कारण बाड़मेर एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि गर्मी या फिर शॉर्ट सर्किट की वजह से ऑफिस के सामने पड़े स्क्रैप में आग लग गई थी। हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एईएन ऑफिस के सामने स्क्रैप पड़ा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क गई। इसके पास ही स्टोर भी है। जहां पर बिजली की लाइनें, बिजली मीटर और ऑयल से भरे ड्रम भी थे। जिसकी वजह से आग अचानक ऑफिस समेत आस-पास के इलाके में फैल गई आस-पास के घरों को खाली करवाया, गैस से भरे सिलेंडर निकाले एएसपी ने बताया कि ये पुराना बिजली घर शहर के बीच में है। आस-पास में बाजार और रहवासी इलाका भी है। आग इतनी तेज थी कि ऑफिस के आस-पास बने घरों तक इसकी लपटें पहुंचना शुरू हो गई थी। इस दौरान ऑफिस से सटे दो घरों में गैस की टंकियां पड़ी थी। जिन्हें बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर इन 14-15 घरों में रहने वाले करीब तीन दर्जन से ज्यादा लोगों को भी बाहर निकाला गया। आग की चिंगारी ऑफिस के पास बने एक घर में भी पहुंच गई थी, जिससे वहां आग लग गई। इस दौरान मौके पर अधिकारियों ने तुरंत फायर ​ बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाया। इससे पहले जिला परिषद और नगर परिषद की टीम ने आस-पास के करीब 14 से 15 घरों को खाली करवाया और लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। कलेक्टर ने बताया कि नगर परिषद के अलावा केयर्न और एयरफोर्स की भी फायर ब्रिगेड पहुंच गई थी। इस हादसे के बाद सभी पावर स्टेशन के लिए आदेश जारी किए गए है कि जहां भी ऐसे स्क्रैप के ढेर है उन्हें साफ करवाया जाए और पानी की व्यवस्था भी रखें। उन्होंने बताया कि आग की सूचना मिलने के बाद जिला परिषद सीईओ और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंच गई थी। जिन्होंने आस-पास के घरों को खाली करवाया। ऑफिस का पुराना गेट तोड़ा, एक कर्मचारी की कार में लगी आग कुछ ही देर में आग पूरे ऑफिस परिसर में फैल गई थी। इस दौरान यहां रखी एक कर्मचारी की कार भी आग की चपेट में आने से जल गई। बताया जा रहा है कि ऑफिस में आने-जाने का एक ही रास्ता था। ऐसे में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को काफी परेशानी होने लगी। इस पर ऑफिस के पीछे बने एक पुराने रास्ते को खोला गया और यहां लगे गेट को तोड़ा। वहीं एसई अशोक मीणा ने बताया कि स्क्रैप में सबसे पहले आग लगी थी। करीब 12 से ज्यादा फायर बिग्रेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया है। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान सब स्टेशन में भी काफी नुकसान हुआ है।