नकोदर (नूरमहल) निवासी प्रसिद्ध गायक के.एस. मक्खन ने सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें फैलाने और अपनी छवि खराब करने के आरोप में एसएसपी रूरल जालंधर को लिखित शिकायत दी है। गायक ने अपनी शिकायत में कहा है कि कुछ अज्ञात लोग उन्हें और उनकी पत्नी को बदनाम कर रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी हो रही है। शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें ‘ड्रग स्मगलर’ बताया जा रहा है और ‘चिट्टा’ के साथ गिरफ्तार होने की झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं। गायक ने इन पोस्ट के स्क्रीनशॉट अपनी शिकायत के साथ संलग्न किए हैं। इन अफवाहों के बाद उन्हें कई लोगों के फोन आए हैं। के.एस. मक्खन बोले- इस पूरी घटना से कोई लेना-देना नहीं के.एस. मक्खन ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनका इस पूरी घटना से कोई लेना-देना नहीं है और यह उन्हें समाज में नीचा दिखाने तथा उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की एक सोची-समझी साजिश है। गायक ने बताया कि लाखों प्रशंसक उनसे इस मामले के बारे में पूछ रहे हैं, जिससे वह और उनका परिवार बहुत परेशान हैं। गायक ने आशंका जताई है कि ऐसी झूठी खबरों से उनका करियर भी बर्बाद हो सकता है। उन्होंने एसएसपी से अनुरोध किया है कि इस साजिश में शामिल लोगों की जल्द से जल्द पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।
