बांसवाड़ा में शक्तिपीठ त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में मंगलवार को नौवां पाटोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में नवकुंडीय महायज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रों की गूंज रही। दूसरी ओर जनकल्याण के संकल्प के साथ विशाल रक्तदान शिविर में श्रद्धालुओं ने उत्साह दिखाया। इस मौके पर राजस्थान के अलग- अलग हिस्सों के अलावा एमपी समेत आसपास के अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु आए। 9 यजमानों ने आहुतियां देकर मांगी खुशहाली
मंदिर प्रांगण में नवकुण्डीय महायज्ञ आचार्य पंडित निकुंज मोहन पांडे के सान्निध्य में संपन्न हुआ। मंत्रोच्चार के बीच 9 यजमानों ने सपत्नीक यज्ञ कुंडों में आहुतियां प्रदान कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। यज्ञ की पूर्णाहूति के साथ ही पूरा परिसर माता के जयकारों से गूंजा। रक्तदान शिविर में सभी ने किया पार्टिसिपेट
पाटोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में मानवता की सेवा का जज्बा देखने को मिला। शिविर प्रभारी राजेश पंचाल ने बताया कि सुबह 8 बजे से ही रक्तदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। महात्मा गांधी चिकित्सालय बांसवाड़ा, भारती ब्लड बैंक और जिला अस्पताल सागवाड़ा की टीमों ने संयुक्त रूप से रक्त संग्रह किया। इसमें 56 यूनिट रक्तदान हुआ। ट्रस्ट मंडल ने संभाली व्यवस्थाएं
आयोजन को सफल बनाने के लिए ट्रस्ट मंडल और चौदह चोखरा पंचाल समाज के पदाधिकारी मुस्तैद रहे। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर ड़ॉ. इंद्रजीत यादव ने भी शिरकत की। इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष धूलजी पंचाल, महामंत्री नटवरलाल पंचाल, राजेन्द्र पंचाल, सुरेन्द्र भाई, जागेश पंचाल, गंगाराम पंचाल, अंबालाल पंचाल, लोकेश पंचाल सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। 9 साल पहले आज ही के दिन चढ़ा था स्वर्ण शिखर
बता दें कि 12 मई 2017 को मंदिर पर स्वर्ण शिखर की प्रतिष्ठा की गई थी। तभी से हर साल 12 मई को पाटोत्सव मनाया जाता है। इस बार ट्रस्ट ने धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ प्रतिभा सम्मान और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों को जोड़कर इस उत्सव को व्यापक स्वरूप प्रदान किया है।
