जयपुर जेल में धमकी भरा वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल करने वाले बदमाश को रविवार रात लालकोठी थाना पुलिस ने अरेस्ट किया है। जेल से बाहर आकर वीडियो वायरल करने के बाद बदमाश ने बचने के लिए अपना मोबाइल तक तोड़ दिया था। लालकोठी थाना पुलिस की ओर से फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया- वांटेड टॉप-10 आरोपी जगदीप उर्फ जगदीश पहलवान उर्फ कीडू (33) निवासी बरोदा सोनीपत हरियाणा को अरेस्ट किया गया है। वह करधनी थाने में साल-2021 में दर्ज एक मामले में फरार चल रहा है। सितम्बर-2025 में जयपुर जेल में मोबाइल का यूज करते हुए धमकी भरे वीडिया बनाया था। धमकी भरे वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। लालकोठी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर वायरल वीडियो की जांच की। पुलिस की ओर से जेल में धमकी भरा वीडियो बनाने वाले आरोपी निखिल, अंकित जाट, प्रमोद स्वामी, राकेश गुर्जर, देशराज गुर्जर, रवि उर्फ रवीन्द्र गुर्जर, मनीष चौधरी व आकाश तंवर उर्फ बंटू से पूछताछ कर जांच की गई। इंस्टाग्राम पर डालने वाले आरोपी जगदीप उर्फ जगदीश पहलवान उर्फ कीडू को जेल से जमानत मिलने का पता चला। पुलिस की ओर से तलाश का पता चलने पर आरोपी ने बचने के लिए अपना मोबाइल तोड़कर बंद कर दिया। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी जगदीश पहलवान उर्फ कीडू को धर-दबोचा। गिरफ्तार आरोपी का इंस्टाग्राम पर धमकी भरे वीडियो को डिलिट कवाकर आईडी को बंद करवाया गया।
