प्रतापगढ़ में जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शुभम चौधरी की अध्यक्षता में सीतामाता मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान मेले के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को मेले में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और ये सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कहीं भी कचरा न फैले। उन्होंने ध्वनि प्रदूषण नियमों का पालन करते हुए मेले का संचालन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पेयजल, साफ-सफाई और छाया व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कंट्रोल रूम की स्थापना, यातायात व्यवस्था, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, मेडिकल स्टाफ और चिकित्सा व्यवस्था, खाद्य सामग्री व पेयजल के नमूना परीक्षण तथा पुलिस जाप्ते सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इस बैठक में पाल ग्राम पंचायत सरपंच, एडीएम विजयेश कुमार पंड्या, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद पर्वत सिंह चुंडावत, एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा, एसडीएम प्रतापगढ़ अश्विनी मालू, एसडीएम धरियावद विनीत सुखाडिया, सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा और खाद्य अधिकारी सुनील कुमार पामेचा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
