प्रतापगढ़ पुलिस ने जानलेवा हमला मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल और स्कूटी भी जब्त की है। 19 अप्रैल को देवल्दी निवासी 18 वर्षीय सिदरा पुत्री इम्तियाज खान (हाल नौगावां) पर हमला हुआ था। सिदरा ने प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में बताया कि 19 अप्रैल की रात करीब 2 बजे वह अपनी नानी के घर नौगावां में सो रही थी। तभी साजिया बेगम ने उसे फोन कर मदद के बहाने घर के बाहर बुलाया। सिदरा के बाहर आते ही साजिया ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया। गोली सिदरा के बाएं हाथ में फंस गई। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सिदरा के हाथ में फंसी गोली को ऑपरेशन के जरिए निकाला गया और जब्त कर लिया गया। मौके से दो खाली कारतूस भी बरामद हुए। जांच से पता चला कि आरोपी साजिया बेगम (18) निवासी देवल्दी और चंद्रपालसिंह निवासी शेरपुर (थाना पिपलोदा) ने मिलकर इस हमले की साजिश रची थी। योजना के तहत, दोनों 19 अप्रैल की रात स्कूटी पर सवार होकर नौगावां पहुंचे। साजिया बेगम ने रात में फोन कर सिदरा को बाहर बुलाया और पिस्टल से दो फायर किए। एक गोली दीवार पर लगी, जबकि दूसरी सिदरा के हाथ में जा लगी।