अजमेर में 2 बदमाशों ने महिला को हिप्नोटाइज करके करीब एक तोला सोने के गहने ठग लिए। पहले बदमाश महिला का पीछा करते हैं, फिर उसे बातों में उलझा लिया। महिला के सिर पर हाथ रखा तो वह बेसुध हो गई। इसके बाद बदमाश हाथ में काले कपड़े में कागज के टुकड़े देकर फरार हो गए। घटना डिग्गी तालाब विष्णु मंदिर के पास की है। महिला ने मामले की तुरंत शिकायत क्लॉक टावर थाने में दी। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी में 2 युवक महिला से बातचीत और पीछा करते दिख रहे हैं। पहले देखिए, घटना से जुड़ा CCTV अब 2 पॉइंट में ठगी की पूरी कहानी… 1. घर से काम पर जा रही थी महिला डिग्गी तालाब विष्णु मंदिर निवासी मीना देवी (50) ने बताया- 10 मई को शाम 7 बजे के करीब घर से काम पर जाने के लिए निकली थी। तभी गेट पर शराब के ठेके के पास से 2 बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बाद में बातों में उलझा कर एक सुनसान कॉलोनी में ले गए। 2. महिला बोलीं- सिर पर हाथ रखा तो बेसुध हो गई महिला ने बताया- मुझे कुछ रुपयों का लालच दिया गया। पूरी तरह हिप्नोटाइज कर दिया। बाद में बदमाश ने मेरे सिर पर हाथ रखा, जिससे मैं बेसुध हो गई। इसके बाद बदमाशों ने मेरे कान के टॉप्स और गले का मादलिया (लगभग एक तोला सोना) उतरवा लिया। एक काले कपड़े में कागज के टुकड़े देकर बदमाश फरार हो गए। जब महिला को होश आया, तब उन्होंने परिवार को इसकी सूचना दी। मामले की सूचना क्लॉक टावर थाना पुलिस को दी। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी है। सोते समय बुजुर्ग महिला के गले से लॉकेट-पायजेब चोरी क्रिश्चियन गंज (कृष्णगंज) थाना क्षेत्र के चौरसियावास गांव में चोरी की एक वारदात सामने आई है। पीड़ित फिरोज खान ने मामला दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी मां अमीना रात को घर के बाहर सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनकी मां के गले से सोने का लॉकेट और पैरों से चांदी की पायजेब पार कर ली। लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब फिरोज बाहर आया, तब उसे चोरी का पता चला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्यूशन छोड़ने गई महिला के पीछे सूने मकान में हाथ साफ रामगंज थाना क्षेत्र के अजय नगर हाउसिंग बोर्ड में भी बड़ी चोरी की घटना हुई है। वंदना भक्तानी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह शाम 6 बजे अपने बच्चों को ट्यूशन छोड़ने और घर के काम से बाहर गई हुई थी। जब वह वापस लौटीं और घर का ताला खोलकर अंदर देखा, तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी से करीब 8 तोला सोना और 40 हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।