जो पानी के पैसे की चोरी करेगा, उसका वैसा ही हश्र होगा जैसा महेश जोशी का हुआ है। चाहे वह ठेकेदार किसी का कितना भी खास हो…मैं उसे नही छोडूंगा। ये कहना है केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का। दरअसल, शेखावत ने जैसलमे के फलसूंड में रविवार रात को रात्रि चौपाल की थी। इस दौरान जब ग्रामीण पानी के संकट को लेकर शिकायत करने पहुंचे तो उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को ठेकेदारों को खरी-खोटी सुनाई। वे बोले- जल जीवन मिशन और पेयजल व्यवस्था में लूट-खसोट करने वालों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। इतना ही नहीं उन्होंने बिजली के मुद्दे पर भी नाराजगी जताते हुए कहा- यहां की बिजली व्यवस्था भगवान भरोसे ही है। सिस्टम के नाकारापन की वजह से यहां लोगों के घरों तक के कनेक्शन नहीं हो पाए।
ग्रामीणों ने कहा-पीने औ पशुओं के लिए पानी की समस्या, शेखावत ने लगाई फटकार दरअसल, रात्रि चौपाल में फलसूंड के लोगों ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को बताया कि गांव में पीने के पानी की समस्या है। पशुओं को भी पानी नहीं मिल रहा है। इस पर शेखावत ने कहा ये जिला प्रशासन के साथ कलेक्टर का फेल्यिर है। इससे पहले जो कलेक्टर थे मैंने उन्हें भी कहा था लेकिन, शायद उन्हें यहां से जाने की जल्दी थी इसलिए वे कर नहीं पाए। शेखावत ने मंच से अधिकारियों और ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा- मंच पर बैठा हूं और 1 हजार लोगों के सामने कह रहा हूं पानी की चोरी की तो उसका हश्र महेश जोशी जैसा होगा। चाहे वह किसी की भी सिफारिश लेकर आया होगा उसे उसके किए की सजा भुगतनी पड़ेगी। मॉनिटरिंग न होने पर जताई नाराजगी मंत्री शेखावत ने पीएचईडी की वर्तमान व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया। इस दौरान उन्होंने मंच से ही टैंकर सप्लाई और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर प्रभावी मॉनिटरिंग न होने पर नाराजगी जताई। शेखावत ने निर्देश दिए कि ठेकेदारों के टैंकरों के रूट और वितरण की पूरी जानकारी पारदर्शी हो। पानी की समस्या केवल पीएचईडी विभाग की विफलता नहीं है, बल्कि यह जिला प्रशासन और कलेक्टर स्तर का भी फेलियर है। अधिकारियों को कागजों के बजाय फुलप्रूफ मैकेनिज्म के साथ काम करना होगा।
बिजली व्यवस्था पर जताई नाराजगी बोले- यहां का भगवान ही मालिक है रात्रि चौपाल में पानी के साथ बिजली का मुद्दा भी उठा। इस पर भी शेखावत ने नाराजगी जताते हुए कहा- यहां की बिजली व्यवस्था का भगवान ही मालिक है। पूरे राजस्थान में इतना अपग्रेडेशन हो गया, लेकिन जैसलमेर जिले का अभी भी बुरा हाल है। पहले भी यहां के सिस्टम की विफलता और नकारापन के चलते हमारी ‘ग्राम ज्योति योजना’, जिसके तहत हर घर तक बिजली पहुचनी थी, वह फेल हो गई। पीएम का संकल्प था कि 1000 दिन के भीतर हर घर में बिजली पहुंचे। मुझे दुख होता है यह कहते हुए कि पिछली राजस्थान सरकार ने इन अधिकारियों पर भरोसा करके भारत सरकार को गलत जानकारी दे दी कि 100% कनेक्शन हो चुके हैं। जबकि जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में मिलाकर अभी भी 50,000 कनेक्शन बाकी थे। पिछली सरकार ने लिख कर दे दिया कि योजना की अब आगे जरूरत नहीं है। मैंने उस स्कीम को फिर से रिवाइज कराया, 6 महीने के लिए बढ़वाया, पर फिर भी राजस्थान में कोई काम नहीं हुआ। इसके बाद मैंने दोबारा प्रधानमंत्री जी से बात करके इसे 1000 दिन के लिए फिर खुलवाया। ये खबर भी पढ़ें… JJM घोटाले पर महेश जोशी बोले- न्याय की जीत होगी:मेरे पास न तो कुछ छुपाने के लिए, न ही बताने के लिए; कोर्ट ने जेल भेजा करीब 900 करोड़ के जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी के करीबी संजय बड़ाया को गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रविवार रात करीब 2 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उसे पकड़ा। वह थाईलैंड में शादी समारोह में शामिल होने के बाद भारत लौटा था। (यहां पढ़ें पूरी खबर)