लुधियाना पुलिस एक तरफ तो सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर शिकंजा कसने और कानून का राज स्थापित करने के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बेखौफ युवक उनके इन दावों को खुलेआम ठेंगा दिखाते नजर आ रहे हैं। इसका जीता-जागता सबूत एक वीडियो में देखने को मिला है, जिसमें दो युवक एक चलते ऑटो में सरेआम जाम छलकाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो लुधियाना के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक जिला कचहरी से भाई बाला चौक के रास्ते का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दो युवक ऑटो में पीछे बैठे हैं और उनमें से एक हाथ में शराब का गिलास और पानी की बोतल लेकर जाम बना रहा है। दोनों के चेहरे पर कानून का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। वे इस तरह शराब पी रहे हैं, जैसे यह कोई आम बात हो। पुलिस के दावों पर उठा सवाल
यह घटना पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक गंभीर सवालिया निशान लगाती है। जिस इलाके का यह वीडियो है। वह शहर का दिल माना जाता है और यहां हर समय पुलिस की मौजूदगी के दावे किए जाते हैं। इसके बावजूद, दिन-दहाड़े चलती सड़क पर इस तरह की हरकत होना यह दर्शाता है कि शरारती तत्वों के मन से पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस कमिश्नर ने सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद कुछ गिरफ्तारियां भी हुईं। लेकिन यह वीडियो बताता है कि पुलिस की कार्रवाई का खौफ अभी भी अपराधियों तक नहीं पहुंचा है। अब देखना यह होगा कि इस वीडियो के सामने आने के बाद लुधियाना पुलिस अपनी साख बचाने के लिए इन युवकों पर क्या कार्रवाई करती है।
