फाजिल्का पुलिस ने व्यापारियों व अन्य लोगों को फोन कॉल कर खुद को लॉरेंस गैंग का बताकर लाखों रुपए की फिरौती मांगने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अबोहर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, जब पुलिस आरोपी को पकड़ने गई तो आरोपी ने भागने की कोशिश की और दीवार फांदकर कूद गया। जिस वजह से उसकी टांग टूट गई, जिसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। फाजिल्का के एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि, फाजिल्का में जगदंबा फास्टफूड संचालक को लारेंस गैंग का मेंबर बताकर 25 लाख की फिरौती मांगने के आरोप में अबोहर की दुर्गा कॉलोनी के रहने वाले सोनू उर्फ सोनी को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से तीन मोबाइल और तीन सिम बरामद हुए है। लॉरेंस गैंग का मेंबर बताकर मांगी फिरौती पकड़े गए आरोपी द्वारा पिछले तीन चार दिनों से विभिन्न लोगों को फोन कॉल कर खुद को लॉरेंस गैंग का बताकर धमकियां दी जा रही थी और लाखों रुपए की फिरौती मांगी जा रही थी। एसएसपी ने बताया कि आरोपी द्वारा फाजिल्का के जगदंबा फास्ट फूड संचालक से 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई, जबकि अबोहर के दो व्यापारियों से 25 लाख और 35 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। पुलिस के पास शिकायत आई तो पुलिस ने अपने खुफिया सोर्स एक्टिव किए और आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। एसएसपी का कहना है कि जब पुलिस आरोपी को पकड़ने गई तो उसने भागने की कोशिश की और उसने ऊंची दीवार से छलांग लगा दी। जिस वजह से उसकी टांग टूट गई। आरोपी को अब अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, जिससे गहराई से पूछताछ की जाएगी। इस दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।