मोबाइल देने से बड़े भाई ने इनकार किया तो 13 साल के बच्चे ने बेल्ट से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मामला अजमेर के आदर्श नगर थाने का है। आदर्श नगर थाना प्रभारी छोटूलाल ने बताया- लड़का घर के एक कमरे में शुक्रवार शाम को लटका मिला था। घटना के समय घर में बड़ा भाई, दादी और परिवार के अन्य सदस्य थे। माता-पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं। वे घर में नहीं थे। हॉस्पिटल से मिली जानकारी के बाद पुलिस पहुंची। छुटि्टयों में घर आया है बड़ा भाई प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चे का बड़ा भाई छुट्टियों में घर पर आया हुआ है। उसने इस साल दसवीं पास की है। उसके पास एंड्रॉयड मोबाइल है। उसने शुक्रवार को अपना मोबाइल छोटे भाई को दे रखा था। वह मोबाइल पर यूट्यूब वीडियो देख रहा था। इतने में बड़े भाई के दोस्त का कॉल आया और वह मोबाइल लेकर जाने लगा। छोटे भाई ने वापस मोबाइल मांगा तो उसने मना कर दिया। इससे वह नाराज हो गया था। करीब 20 मिनट बाद बड़ा भाई कमरे की तरफ गया तो, बंद मिला। गेट के नीचे से झांक कर देखा तो छोटा भाई फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना के समय जो भी लोग घर पर मौजूद थे उनसे अलग-अलग पूछताछ की गई। शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
—-