दौसा जिले के बैजूपाड़ा थाना क्षेत्र के लोटवाडा गांव में शनिवार को एक युवक ने खुद को आग लगा ली। घटना उस समय हुई जब पुलिस एक जमीन विवाद में मकान का काम रुकवाने पहुंची थी। गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल ले जाया गया। वह करीब 30 प्रतिशत झुलस गया था, जिसके बाद उसे दौसा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मकान निर्माण रुकवाने आई थी आग लगाने वाले युवक रवि कुमार मीणा ने बताया- वह अपनी जमीन पर मकान बना रहे थे। पुलिस कई बार पहले भी काम रोकने आ चुकी थी। शनिवार सुबह 10 बजे पुलिस फिर से काम रुकवाने पहुंची, जिसका मैंने और मेरे परिवार ने विरोध किया। युवक के चाचा ने बेच दी थी जमीन-पुलिस बैजूपाड़ा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद शर्मा ने बताया- विवाद की स्थिति को देखते हुए वे सुबह पुलिस टीम के साथ काम रुकवाने पहुंचे थे। उन्होंने मकान का काम कर रहे लोगों से कोर्ट का स्टे लेकर आगे की कार्रवाई करने को कहा था। जिस जमीन पर मकान बन रहा है, वह युवक के चाचा मानसिंह मीणा ने किसी और को बेच दी है। ये लोग गलत तरीके से वहां मकान का निर्माण कर रहे थे। जब पुलिस ने काम रोकने के लिए कहा, तो रवि ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। युवक के हाथ-पैर जले, दौसा रेफर घटना के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजूपाड़ा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दौसा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक के हाथ-पैर जल गए और वह करीब 30 प्रतिशत झुलस गया है।