सड़क किनारे चल रहे एक 14 साल के बच्चे को बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार इतनी स्पीड में थी कि बेकाबू होते हुए वह खेतों में जाकर रुकी। घटना शनिवार सुबह बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके के लूखू गांव में सुबह 9 बजे का है। कार की टक्कर में बच्चा 15 फीट दूर उछलकर गिर गया। सूचना मिलने पर बाछड़ाऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को धोरीमन्ना हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। घर से स्कूल की तरफ जा रहा था बच्चा पुलिस के अनुसार- बाछड़ाऊ लुखू निवासी सुखदेव (14) पुत्र उमाराम शनिवार को सुबह घर से स्कूल की तरफ जा रहा था। घर से स्कूल की दूरी करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। स्कूल से 500 मीटर पर लुखु से शोभला की तरफ से आ रही बेकाबू स्विफ्ट कार ने सुखदेवव को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुखदेव उछलकर सड़क किनारे बने एक गड्ढे में जा गिरा और अचेत हो गया। वहीं बेकाबू कार सड़क से उतर पास के एक खेत में जा रुकी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बाछड़ाऊ चौकी पुलिस से तेजाराम मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। इसके बाद उसे प्राइवेट गाड़ी से धोरीमन्ना लेकर गए। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को धोरीमन्ना हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। हरियाणा नंबर की कार, आगे का पूरा हिस्सा बिखरा ग्रामीणों के अनुसार कार में दो लोग सवार थे, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार काफी स्पीड में थी। कार पर हरियाणा सीरीज के नंबर लगे है। कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह से बिखर गया। पुलिस को कार से मोबाइल भी मिले है। बाछड़ाऊ चौकी के एएसआई यूसूफ खान ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर ड्राइवर की तलाशी शुरू कर दी है।
