धौलपुर के दिहौली में दोस्त की शादी में गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। शादी समारोह में युवक की दूसरे युवक से कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान दूसरे युवक ने चेहरे पर गोली मार दी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार राहुल सिंह (20) पुत्र दीवान सिंह निवासी क्षेत्र के रूप में हुई है। राहुल शुक्रवार रात अपने दोस्त सोनपाल के साथ घुरैयाखेड़ा गांव में दोस्त जितेंद्र की शादी में गया था। जितेंद्र की रविवार को शादी होनी है। शुक्रवार को गांव में खाने का प्रोग्राम रखा था। समारोह में बड़ी संख्या में गांव के लोग और रिश्तेदार मौजूद थे। पुलिस ने बताया- रात 1 बजे राहुल की गांव के ही युवक सचिन से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान सचिन ने गुस्से में आकर राहुल पर गोली चला दी। गोली लगने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज से वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहुल के भाई रामलखन ने सचिन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। चार महीने पहले हुई थी सगाई
परिजनों ने बताया कि राहुल 12वीं पास करने के बाद से ही पहलवानी करता था। लोगों ने बताया कि चार महीने पहले ही राहुल की सगाई हुई थी। राहुल के एक बड़ा भाई और तीन बहनें हैं। सभी की शादी हो चुकी है। बड़ा भाई ट्रक ड्राइवर है।